August 23, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सपा सांसद की अभद्र टिप्पणी पर भाजपा का तीखा पलटवार “प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द देश की 140 करोड़ जनता का अपमान” — संतोष पाण्डेय

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**//रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने महोबा से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी पर जोरदार हमला बोला है। श्री पाण्डेय ने इसे सपा की “कुत्सित मानसिकता, अराजक संस्कृति और राजनीतिक दिवालियापन” का खुला प्रमाण बताते हुए कहा कि जिस पार्टी के नेता लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भूलकर देश के प्रधानमंत्री के लिए अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करें, उसकी सोच और संस्कारों का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है।
भाजपा सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे किसी जनप्रतिनिधि द्वारा देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का प्रयोग करना केवल व्यक्तिगत हमला नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र और 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से गुंडागर्दी, अराजकता और अशिष्ट राजनीतिक संस्कृति की प्रतीक रही है। यही कारण है कि उसके नेताओं की भाषा और व्यवहार लगातार लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार करते रहे हैं।
श्री पाण्डेय ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सीधा सवाल करते हुए पूछा कि क्या वे अपने सांसद की इस अशोभनीय टिप्पणी का समर्थन करते हैं? यदि नहीं, तो उन्हें तुरंत संबंधित सांसद पर कठोर कार्रवाई करते हुए देश की जनता से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा नेताओं की बयानबाजी यह साबित करती है कि जनता द्वारा लगातार नकारे जाने के बाद उनका मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है और वे हताशा में अमर्यादित भाषा का सहारा ले रहे हैं।
भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व पर देश की जनता का अटूट विश्वास है। कोरोना काल में जब प्रधानमंत्री ने देशहित में आह्वान किया, तब पूरे देश ने एकजुट होकर थाली-घंटा बजाया, दीप जलाए और राष्ट्रहित के हर अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों लोगों ने स्वेच्छा से गैस सब्सिडी छोड़ी, क्योंकि उन्हें प्रधानमंत्री की नीयत और नेतृत्व पर भरोसा था।
श्री पाण्डेय ने कहा कि भारत का इतिहास त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायक परंपराओं से भरा हुआ है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लालबहादुर शास्त्री ने जब देश में अन्न संकट के समय उपवास का आह्वान किया, तब पूरे देश ने उसका पालन किया। इसी प्रकार सुभाषचन्द्र बोस के एक आह्वान पर मातृशक्ति ने अपने गहने और मंगलसूत्र तक राष्ट्रहित में दान कर दिए थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति भी जनता में वैसा ही विश्वास और सम्मान है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज केवल भारत ही नहीं, बल्कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं। ऐसे नेता के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करना सपा नेताओं की संकीर्ण और नकारात्मक राजनीति को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि जनता विकास और राष्ट्रहित की राजनीति चाहती है, जबकि विपक्ष के कुछ नेता केवल स्तरहीन बयानबाजी और राजनीतिक विद्वेष फैलाने में लगे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.