May 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

संगठन की ताकत से चुनावी रण में उतरेगी भाजपा, कोरबा की मासिक बैठक में बना विजय मंत्र

 

 

बूथ से लेकर जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर मंथन, कार्यकर्ताओं में भरा गया नया जोश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// कोरबा  लखनलाल देवांगन और गोपाल मोदी की मौजूदगी में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा की मासिक संगठनात्मक बैठक उत्साह, ऊर्जा और रणनीतिक चर्चाओं के बीच संपन्न हुई। टीपी नगर स्थित पंडित दीनदयाल कुंज में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। बैठक ने साफ संकेत दे दिया कि भाजपा आगामी अभियानों और संगठन विस्तार को लेकर पूरी तरह सक्रिय मोड में आ चुकी है।
बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के आत्मीय स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक सक्रियता, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी, जनसंपर्क अभियान और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और अनुशासन का विशेष माहौल देखने को मिला।

 

 

 

“भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से बनी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी” — लखनलाल देवांगन
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर आगे बढ़ने वाला विशाल संगठन है। यही कारण है कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने आगामी अभियानों में पूरी शक्ति और समर्पण के साथ जुटने का संदेश देते हुए कहा कि बूथ स्तर की मजबूती ही चुनावी सफलता की असली कुंजी है।
“भाजपा का हर कार्यकर्ता संगठन की रीढ़” — गोपाल मोदी
जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि भाजपा संगठन लगातार गांव-गांव और बूथ-बूथ तक अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। उन्होंने मंडल और मोर्चा पदाधिकारियों को संगठनात्मक गतिविधियों में और अधिक तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा और संगठन की रीढ़ है। कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही भाजपा को जनता के बीच मजबूत पहचान दिलाती है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी के अभियान और कार्यक्रमों को लेकर व्यापक जनसंपर्क चलाया जाएगा तथा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी देंगे।

 

 

 

अनुशासन और सक्रियता से मजबूत होगा संगठन
जिला प्रभारी अनिल केसरवानी ने कहा कि संगठनात्मक अनुशासन भाजपा की पहचान है। उन्होंने बूथ समितियों को और अधिक सक्रिय करने तथा पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। वहीं सह प्रभारी ब्रजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि संगठन की सफलता निरंतर संवाद, सक्रियता और कार्यकर्ताओं के समर्पण से ही संभव होती है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
बैठक में प्रदेश सदस्य अशोक चावलानी, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, प्रफुल्ल तिवारी तथा एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में आगामी अभियानों के लिए जिम्मेदारियां तय की गईं और संकल्प लिया गया कि भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाते हुए जनता के बीच पार्टी की पहुंच को और मजबूत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.