May 7, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

51 जोड़ों का सामूहिक विवाह बना सामाजिक समरसता का प्रतीक, छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन की पहल की सर्वत्र सराहना

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**//रायपुर। सामाजिक सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को समर्पित छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा आयोजित 51 जोड़ों का निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह समारोह राजधानी रायपुर के श्रीराम मंदिर परिसर में अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। इस प्रेरणादायी आयोजन ने समाज में सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए सभी वर्गों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम की सर्व समाज द्वारा मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई।
संगठन के प्रांतीय चेयरमैन अशोक मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशाल आयोजन में प्रदेशभर से चयनित 51 जरूरतमंद जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। इनमें कोरबा जिले के 5 जोड़े भी शामिल रहे। विवाह स्थल को भारतीय संस्कृति की झलक दर्शाते हुए आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां पूरे दिन उत्सव जैसा वातावरण बना रहा।

 

समारोह में छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, बसना विधायक संपत अग्रवाल सहित विभिन्न समाजों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की विशेष उपस्थिति रही। सिंधी, सिख, गुजराती, साहू, क्षत्रिय एवं अन्य समाजों के गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में शामिल होकर नवविवाहित दंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया और संगठन की इस सामाजिक पहल की सराहना की।
अशोक मोदी ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पिछले तीन माह से लगातार की जा रही थीं। विवाह के लिए ऐसे परिवारों का चयन किया गया, जो आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण बेटियों के विवाह को लेकर चिंतित थे। संगठन ने केवल विवाह की व्यवस्था ही नहीं की, बल्कि नवदंपतियों के नए जीवन की शुरुआत को सहज बनाने हेतु गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया।
नवविवाहित जोड़ों को पलंग, गद्दा, रजाई, चादर, तकिया, अलमारी, घरेलू बर्तन, प्रेशर कूकर, सूटकेस, बैग, मिठाई एवं फल प्रदान किए गए। वहीं वधुओं को पाजेब एवं बिछिया तथा वरों को शेरवानी, पगड़ी एवं दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह की सबसे विशेष और भावुक झलक उस समय देखने को मिली, जब संगठन के महिला एवं पुरुष पदाधिकारियों ने स्वयं माता-पिता की भूमिका निभाते हुए कन्यादान की रस्म निभाई। महिलाओं द्वारा मंगलगीत, भजन एवं पारंपरिक विदाई गीतों ने पूरे माहौल को भावुक और श्रद्धामय बना दिया। उपस्थित लोगों ने इसे सामाजिक अपनत्व और संवेदनशीलता का अनूठा उदाहरण बताया।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक सियाराम अग्रवाल, जयदेव सिंघल, महेंद्र सक्सेरिया, ईश्वर प्रसाद अग्रवाल, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुधीर बंसल, अनिल अग्रवाल, गोपाल सुल्तानिया, महामंत्री संजय अग्रवाल, पूर्व महामंत्री मनोज अग्रवाल, महिला अध्यक्ष अनिता अग्रवाल, महिला उपाध्यक्ष मंजू अग्रवाल, मंगल परिणय आयोग की संयोजिका शोभा केडिया, गुंजा सुल्तानिया, ज्योति अग्रवाल सहित कोरबा से बजरंग अग्रवाल, अमरनाथ अग्रवाल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल एवं भगवती प्रसाद गोयनका सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

 

 

 

अशोक मोदी ने कहा कि इस प्रकार के सामूहिक विवाह समारोह समाज में सहयोग एवं सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। इससे जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत मिलती है तथा बिना किसी बोझ के बेटियों का विवाह संपन्न हो पाता है। उन्होंने अन्य सामाजिक संगठनों से भी इस तरह के सेवा-आधारित आयोजनों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का जीवंत उदाहरण है, जिसने समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का कार्य किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.