May 7, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“कांग्रेस का इमरजेंसी मॉडल जनता भूली नहीं, अब बघेल को अपनी करतूतें याद आ रही हैं”

 

भाजपा का पलटवार : ‘छत्तीसगढ़ संवाद’ पर बयान देकर अपनी नाकामियां छिपा रहे भूपेश बघेल — संतोष पाण्डेय
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**//  रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ‘छत्तीसगढ़ संवाद’ को लेकर दिए गए बयान पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस शासन का “इमरजेंसी मॉडल” आज भी प्रदेश की जनता भूली नहीं है। भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद Santosh Pandey ने बघेल के बयान को उनकी राजनीतिक हताशा और लगातार मिल रही हार की बौखलाहट का प्रतीक बताया।
सांसद संतोष पाण्डेय ने तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ ने “अघोषित आपातकाल” देखा था। उस दौर में पत्रकारों, सोशल मीडिया पर अपनी राय रखने वाले युवाओं और आम नागरिकों तक पर राजद्रोह जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज किए गए। आज वही भूपेश बघेल संवाद और पारदर्शिता की बात कर रहे हैं, यह जनता के साथ सबसे बड़ा राजनीतिक मजाक है।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान ‘छत्तीसगढ़ संवाद’ को सरकारी विभाग कम और कांग्रेस का प्रचार तंत्र ज्यादा बना दिया गया था। करोड़ों रुपए जनता के टैक्स से केवल एक चेहरे की ब्रांडिंग और दिल्ली दरबार को खुश करने में खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि अब जब भाजपा सरकार में सरकारी तंत्र निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ काम कर रहा है, तो कांग्रेस नेताओं को परेशानी होने लगी है।
संतोष पाण्डेय ने कहा कि भूपेश बघेल एआई और तकनीक का नाम लेकर अपनी सरकार की विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता सब जानती है। कांग्रेस शासन ने विकास नहीं बल्कि “लूट और झूठ” का मॉडल खड़ा किया था, जबकि भाजपा सरकार तकनीक और संवाद का उपयोग जनता के हित और सुशासन के लिए कर रही है।
भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बघेल ने “दीवारों के भी कान होते हैं” कहकर जो उदाहरण दिया, शायद उसी का परिणाम है कि कोयला घोटाला, शराब घोटाला और महादेव ऐप जैसे मामलों की गूंज अब जेल की सलाखों तक पहुंच चुकी है। भाजपा ने कहा कि षड्यंत्र भाजपा नहीं करती, बल्कि कांग्रेस सरकार ने युवाओं, किसानों और प्रदेश की जनता के भविष्य के साथ षड्यंत्र किया था, जिसका जवाब जनता लगातार चुनावों में दे रही है।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि भूपेश बघेल को अनर्गल बयानबाजी करने के बजाय अपने शासनकाल में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचलने के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा सरकार पारदर्शिता, विकास और जनहित के संवाद में विश्वास रखती है, जबकि कांग्रेस ने केवल दुष्प्रचार और राजनीतिक स्वार्थ की राजनीति की है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.