August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

-21 में जल संकट पर भड़के पार्षद, कलेक्टर से की त्वरित कार्रवाई की मांग — “कॉलोनी में ठीक से नहीं मिल रहा पानी, जनता परेशान”

1 min read

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** कोरबा नगर पालिक निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-21 में लगातार बनी हुई जल संकट की समस्या को लेकर अब जनप्रतिनिधि भी खुलकर सामने आ गए हैं। वार्ड-21 के पार्षद राकेश कुमार वर्मा ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर कॉलोनी में नियमित और पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की छ.ग.रा.वि.म. कॉलोनी क्रमांक-03 में लंबे समय से पानी की भारी समस्या बनी हुई है, जिससे स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद वर्मा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कॉलोनी में पानी की आपूर्ति नियमित रूप से नहीं हो पा रही है। कभी केवल 10 मिनट तो कभी 15 मिनट ही पानी दिया जाता है और कई बार शाम के समय नल भी नहीं खुलते। इस कारण क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए भी पानी के लिए जूझना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि जब इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जाता है तो यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया जाता है कि प्लांट से पानी नहीं आ रहा है, इसलिए आपूर्ति प्रभावित है। पार्षद के अनुसार जल आपूर्ति का संचालन मुख्य अभियंता डॉ. श्याम प्रसाद मुजर्जी ताप विद्युत गृह के निर्देश में किया जाता है, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
पार्षद राकेश कुमार वर्मा ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर सम्पूर्ण कॉलोनी में सुचारू और नियमित जल आपूर्ति की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित कराई जाए, ताकि वार्ड के लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर आगे आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भीषण गर्मी शुरू होने से पहले ही पानी की यह स्थिति है, तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। ऐसे में प्रशासन को इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.