कोरबा में गूंजा महिला शक्ति का सम्मान, भाजपा महिला मोर्चा का भव्य समारोह बना सशक्तिकरण का संदेश



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला कोरबा द्वारा महिला शक्ति के सम्मान में भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी की अध्यक्षता तथा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमति प्रीती स्वर्णकार के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। पूरे आयोजन में महिला सशक्तिकरण, सम्मान और आत्मनिर्भरता का संदेश गूंजता रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमति विभा अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, कोरबा महापौर श्रीमति संजू देवी राजपूत, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी विद्या पांडेय, प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक बी.डी. शर्मा, प्रदेश प्रमुख स्व सहायता समूह सत्य लता मिरी, जिला महामंत्री स्वाति सिंह, अनसूइया राठौर तथा नीरज ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात खेल, विधि, साहित्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन बांकी मोंगरा की भाजपा महामंत्री अनिता राजपूत द्वारा किया गया।
मातृशक्ति आत्मनिर्भर बन रही है — विभा अवस्थी
मुख्य अतिथि विभा अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को केवल सम्मान ही नहीं देती, बल्कि उन्हें नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में समान अवसर भी प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित हो रही हैं, जिनसे देश की मातृशक्ति तेजी से आत्मनिर्भर बन रही है।
संगठन और शासन दोनों में महिलाओं को मिल रही जिम्मेदारी — लखनलाल देवांगन
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसा संगठन है जहां महिलाओं को संगठन और शासन दोनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाती हैं। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का कार्य कर रही हैं, जिससे महिलाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ रही है।
महिलाओं की बढ़ती भागीदारी भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति — गोपाल मोदी
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और यही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसा राजनीतिक संगठन है जिसने महिलाओं को हर स्तर पर नेतृत्व का अवसर दिया है।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की सक्रियता से समाज में जागरूकता का वातावरण बना है। महिला कार्यकर्ता न केवल संगठन को मजबूत कर रही हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने से लेकर परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण तक महिलाओं की भूमिका आज पहले से अधिक सशक्त हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ आज देश की हर महिला तक पहुंच रहा है और इसी का परिणाम है कि महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
महिलाओं का सम्मान ही प्रगतिशील समाज की पहचान — संजू देवी राजपूत
कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण किसी भी समाज की प्रगति का आधार होता है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने महिला मोर्चा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है और नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
महिला सशक्तिकरण का अभियान निरंतर जारी रहेगा — प्रीती स्वर्णकार
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीती स्वर्णकार ने कहा कि महिला शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से भाजपा बांकी मोंगरा महामंत्री श्रीमती अनिता सिंह राजपूत को उनके द्वारा देहदान का संकल्प लेने के लिए प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा विभा अवस्थी द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता, पदाधिकारी तथा समाज के विभिन्न वर्गों से आई महिला शक्तियां उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन में उत्साह, ऊर्जा और महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक वातावरण देखने को मिला।


