उरगा मंडल में भाजपा का अनुशासित प्रशिक्षण शिविर बना मिसाल, 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने लिया प्रशिक्षण — प्लास्टिक मुक्त आयोजन और रात्रि विश्राम ने दिखाई संगठन की ताकत



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के उरगा मंडल में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ता समर्पण और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के कारण चर्चा का विषय बन गया। इस प्रशिक्षण शिविर में मंडल के 100 से अधिक कार्यकारिणी सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी करते हुए संगठन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक अनुशासन, सामूहिक सहभागिता और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं का बेहतरीन उदाहरण देखने को मिला।
प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत पार्टी ध्वज फहराकर की गई, वहीं दोनों दिवस के प्रशिक्षण सत्रों का आरंभ राष्ट्रगीत की पूर्ण पंक्तियों के सामूहिक गायन से हुआ और समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इससे पूरे आयोजन में राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति समर्पण का वातावरण बना रहा।

शिविर की सबसे उल्लेखनीय विशेषता यह रही कि पूरे प्रशिक्षण स्थल को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रखा गया। कार्यकर्ताओं ने प्लास्टिक गिलास या किसी भी प्रकार के प्लास्टिक सामग्री का उपयोग नहीं किया। इससे पर्यावरण संरक्षण का स्पष्ट संदेश भी दिया गया। इसके साथ ही प्रशिक्षण स्थल पर प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए, जिनके माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी की विचारधारा से संबंधित जानकारियां कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई गईं।
दोनों दिनों के प्रशिक्षण सत्रों में प्रोजेक्टर के माध्यम से विषयवार प्रशिक्षण दिया गया। इससे कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, आगामी कार्यक्रमों, बूथ स्तर की रणनीति और पार्टी की विचारधारा के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त हुई। शिविर में कार्यकर्ताओं के लिए भोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था, स्वच्छता अभियान तथा रात्रि विश्राम की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। उल्लेखनीय बात यह रही कि अधिकांश कार्यकर्ता पूरे समय शिविर में उपस्थित रहे और लगभग सभी ने प्रशिक्षण स्थल पर ही रात्रि विश्राम किया, जिससे संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

प्रशिक्षण शिविर के विभिन्न सत्रों में जिला एवं प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं ने वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इनमें डॉ. पवन सिंह (अध्यक्ष जिला पंचायत कोरबा), पवन गर्ग (पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा कोरबा), लक्ष्मीकांत जोशी, संजू देवी राजपूत (महापौर नगर निगम कोरबा), अजय विश्वकर्मा (महामंत्री भाजपा जिला कोरबा), अविनाश दुबे (सोशल मीडिया प्रभारी जिला कोरबा) और भागवत विश्वकर्मा (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य किसान मोर्चा) शामिल रहे। इन सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क और पार्टी की विचारधारा से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया।
प्रत्येक सत्र की अध्यक्षता मंडल के सात वरिष्ठ नेताओं द्वारा क्रमशः की गई। इनमें राजेन्द्र पाण्डेय, राममनोहर सोनी, फटीकन यादव, रामरतन सिंह, जोगेन्द्र कौशिक, कुलसिंह कंवर और निर्मल साव प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक अनुशासन, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने और जनता के बीच सक्रिय संपर्क बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।


इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के सफल आयोजन में उरगा मंडल अध्यक्ष किशन साव के नेतृत्व में मंडल के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे कार्यक्रम की व्यवस्थाएं कार्यकर्ताओं के सहयोग से अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की गईं, जिसकी संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी सराहना की।
शिविर के समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इससे कार्यकर्ताओं को न केवल पार्टी की नीतियों और विचारधारा की जानकारी मिलती है, बल्कि संगठनात्मक क्षमता, आपसी समन्वय और नेतृत्व कौशल भी विकसित होता है।
दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के सफल आयोजन के साथ उरगा मंडल के कार्यकर्ताओं ने यह संदेश दिया कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित और अनुशासित कार्यकर्ताओं में ही निहित होती है।


