कोरबा में गूंजा महिला शक्ति का सम्मान, भाजपा महिला मोर्चा का भव्य समारोह बना सशक्तिकरण का संदेश



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला कोरबा द्वारा महिला शक्ति के सम्मान में भव्य और प्रेरणादायक समारोह का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम में मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश गूंजता रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने की तथा इसका सफल संचालन भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीती स्वर्णकार के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी विद्या पांडेय, प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक बी.डी. शर्मा, प्रदेश प्रमुख स्व सहायता समूह सत्य लता मिरी, जिला महामंत्री स्वाति सिंह, अनसूईया राठौर तथा नीरज ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। खेल, विधि, साहित्य, समाज सेवा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं का उत्साह और गर्व देखने लायक रहा।
मातृशक्ति आत्मनिर्भर बन रही है – विभा अवस्थी
मुख्य अतिथि विभा अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को केवल सम्मान ही नहीं देती, बल्कि उन्हें नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में भी समान अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे देश की मातृशक्ति आत्मनिर्भर बन रही है और समाज में नई पहचान बना रही है।

संगठन और शासन दोनों में महिलाओं को अवसर – लखन लाल देवांगन
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है जहां महिलाओं को संगठन और शासन दोनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का कार्य कर रही हैं।

महिलाओं की बढ़ती भागीदारी भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति – गोपाल मोदी
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि भाजपा में महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ती जा रही है और यही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा ही ऐसा राजनीतिक संगठन है जिसने महिलाओं को हर स्तर पर नेतृत्व का अवसर दिया है। उन्होंने महिला मोर्चा की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि महिला कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का भी कार्य कर रही हैं।

महिलाओं का सम्मान ही प्रगतिशील समाज की पहचान – संजू देवी राजपूत
कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण किसी भी समाज की प्रगति का आधार होता है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने महिला मोर्चा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करते हैं।

महिला सशक्तिकरण का अभियान रहेगा जारी – प्रीती स्वर्णकार
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीती स्वर्णकार ने कहा कि महिला शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला शक्ति के सम्मान में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के विभिन्न वर्गों से आई महिलाओं की उपस्थिति से कार्यक्रम उत्साह, ऊर्जा और प्रेरणा से भरपूर रहा। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के बिना समाज और राष्ट्र की प्रगति संभव नहीं है।


