गढ़ उपरोड़ा मंडल में गूंजा ‘एकात्म मानववाद’ का संदेश — दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, संगठन को मजबूत बनाने जुटे भाजपा नेता व कार्यकर्ता



जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडे और जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा की उपस्थिति में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन, कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती का दिया गया मंत्र
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** कोरबा भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं के वैचारिक प्रशिक्षण के उद्देश्य से गढ़ उपरोड़ा मंडल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। यह दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सतरंग स्थित विश्राम गृह में आयोजित किया गया, जिसमें जिले के कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिशंकर यादव द्वारा अतिथियों के आत्मीय स्वागत से हुई। उन्होंने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार और एकात्म मानववाद की नीति ही भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली और विचारधारा की आधारशिला है। इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों, विचारधारा और कार्यप्रणाली से और अधिक मजबूत तरीके से जोड़ा जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडे तथा भाजपा जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने-अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, अनुशासन और जनसेवा के महत्व से अवगत कराया।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला एक मजबूत संगठन है। पार्टी की मजबूती उसके समर्पित कार्यकर्ताओं से ही संभव है, इसलिए ऐसे प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन समय-समय पर किया जाता है, ताकि कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कौशल और वैचारिक दिशा मिल सके।

दो दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में जिले के कई जनप्रतिनिधि और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी अलग-अलग सत्रों में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इन सत्रों में संगठन की कार्यप्रणाली, सेवा कार्य, जनसंपर्क, सामाजिक समरसता और पार्टी की नीतियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों और वक्ताओं का भारतीय जनता पार्टी मंडल गढ़ उपरोड़ा की ओर से पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर हार्दिक स्वागत किया गया।
इस प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


