कोरबा में गूंजेगा “जय श्री राम” का उद्घोष — 28 मार्च से ग्राम ढपढप में पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से दिव्य हनुमंत कथा, सीएम विष्णुदेव साय को पाती भेंटकर हुआ आमंत्रण अभियान का शुभारंभ



मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सर्वप्रथम आमंत्रण देकर शुरू हुआ निमंत्रण वितरण, मंत्री लखनलाल देवांगन व विधायक प्रेमचंद पटेल को भी भेजा गया सादर न्योता — 28 मार्च से 1 अप्रैल तक चलेगा भव्य हनुमत कथा ज्ञान यज्ञ
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा *****//**** कोरबा-बांकीमोगरा।
श्रीराम भक्ति और सनातन संस्कृति की अलौकिक आस्था से ओतप्रोत एक विराट आध्यात्मिक आयोजन का आगाज कोरबा जिले के ग्राम ढपढप में होने जा रहा है। आगामी 28 मार्च से 1 अप्रैल तक यहां पूज्य पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से भव्य दिव्य हनुमंत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस महाआयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बन गया है।
आयोजन समिति ने परंपरा के अनुसार इस पुण्य आयोजन के निमंत्रण अभियान की शुरुआत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पाती भेंटकर की। समिति के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को सादर आमंत्रित करते हुए इस दिव्य धार्मिक आयोजन में शामिल होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देने का आग्रह किया।

इसी क्रम में प्रदेश के उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा कोरबा नगर विधायक लखनलाल देवांगन और कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल को भी विधिवत आमंत्रण पत्र भेंट कर कार्यक्रम में उपस्थित रहने का निवेदन किया गया। आयोजन समिति का मानना है कि जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति से यह धार्मिक आयोजन और अधिक भव्य और ऐतिहासिक बन जाएगा।
ढपढप बनेगा आस्था का विशाल तीर्थ, हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
बांकीमोगरा-कटघोरा मार्ग स्थित ग्राम ढपढप में आयोजित होने वाले इस विशाल धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दे रहा है। श्रद्धालुओं का मानना है कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से होने वाली हनुमत कथा का श्रवण करना उनके लिए एक अद्भुत आध्यात्मिक अवसर होगा।
आयोजन समिति के अनुसार कथा के दौरान कोरबा सहित आसपास के जिलों, कस्बों और गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए कथा स्थल पर व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि सभी भक्तजन सुगमता से कथा श्रवण कर सकें और धर्म लाभ प्राप्त कर सकें।
आयोजन की कमान संभाल रहे प्रमुख पदाधिकारी
इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए कई प्रमुख पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह को कार्यक्रम का सचिव बनाया गया है।
विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष अमरजीत सिंह को कार्यक्रम का संयोजक नियुक्त किया गया है।
सुबोध सिंह को आयोजन का संरक्षक बनाया गया है।
जुड़ावन सिंह ठाकुर को मुख्य संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


वहीं अपना घर सेवा आश्रम के संस्थापक राणा मुखर्जी भी आयोजन से जुड़े हुए हैं और इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजन समिति के पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर लोगों को इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन से जुड़ने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरण का संदेश
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे 28 मार्च से 1 अप्रैल तक ग्राम ढपढप में आयोजित इस दिव्य हनुमत कथा ज्ञान यज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करें और पुण्य लाभ प्राप्त करें।
समिति का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरण का भी एक बड़ा अभियान है। इस आयोजन के माध्यम से समाज में धर्म, संस्कार और एकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
कुल मिलाकर कोरबा जिले का ग्राम ढपढप आने वाले दिनों में आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति के विराट संगम का केंद्र बनने जा रहा है, जहां पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से निकली हनुमत कथा की गूंज पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर देगी।


