March 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

व्यापम की जगह ‘कर्मचारी चयन मंडल’ का गठन, युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की नई शुरुआत : देवलाल ठाकुर

 

साय सरकार का बड़ा फैसला, भृत्य से लेकर राजपत्रित अधिकारियों तक की सभी भर्तियाँ अब एक ही मंडल के माध्यम से होंगी

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर छत्तीसगढ़ में भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को भंग कर ‘कर्मचारी चयन मंडल’ के गठन का निर्णय लिया गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के युवाओं के हित में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताया है।
प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने सत्ता संभालते ही युवाओं से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि व्यापम की पुरानी व्यवस्था में समय-समय पर कई प्रकार की विसंगतियां सामने आती रही थीं, जिससे भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लगते थे। इन कमियों को दूर करने और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ‘कर्मचारी चयन मंडल’ का गठन एक बड़ा प्रशासनिक सुधार है।
देवलाल ठाकुर ने कहा कि अब प्रदेश में भृत्य से लेकर बाबू, सिपाही और राजपत्रित अधिकारियों तक की सभी भर्तियाँ एक ही छत के नीचे ‘कर्मचारी चयन मंडल’ के माध्यम से की जाएंगी। इससे भर्ती प्रक्रिया में एकरूपता आएगी, अनियमितताओं पर रोक लगेगी और युवाओं का भरोसा भी मजबूत होगा।
उन्होंने बताया कि इस नए चयन मंडल के गठन से पहले विभिन्न राज्यों की चयन प्रणालियों का अध्ययन किया गया है, ताकि छत्तीसगढ़ के युवाओं को बेहतर और विश्वसनीय व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके। इस बोर्ड का मुख्य उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं का समयबद्ध आयोजन, पारदर्शी प्रक्रिया और परिणामों की त्वरित घोषणा सुनिश्चित करना है। इससे युवाओं का कीमती समय बच सकेगा और उन्हें बार-बार होने वाली देरी और अनिश्चितता का सामना नहीं करना पड़ेगा।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि पिछली सरकार के समय प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर जो अनिश्चितता, देरी और अव्यवस्था का माहौल बन गया था, उससे लाखों युवा प्रभावित हुए थे। कई परीक्षाओं के परिणाम आने में लंबा समय लग जाता था, जिससे युवाओं में निराशा का माहौल बन जाता था। अब साय सरकार ने इस स्थिति को समाप्त करने का निर्णय लिया है और भर्ती व्यवस्था को पूरी तरह से सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
देवलाल ठाकुर ने कहा कि ‘कर्मचारी चयन मंडल’ का गठन प्रदेश के लाखों प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए बड़ी सौगात है। इससे न केवल भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी, बल्कि युवाओं को समय पर रोजगार के अवसर भी मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रदेश में सुशासन को मजबूत करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को जमीन पर उतारने की दिशा में भी एक प्रभावी कदम है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के युवाओं के सपनों को साकार करने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। व्यापम की पुरानी व्यवस्था को समाप्त कर नए कर्मचारी चयन मंडल का गठन छत्तीसगढ़ में रोजगार व्यवस्था के एक नए, साफ-सुथरे और पारदर्शी युग की शुरुआत है, जिससे आने वाले समय में लाखों युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा और उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.