कोरबा में रसोई गैस की कोई कमी नहीं, कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर होगी सख्त कार्रवाई – कलेक्टर कुणाल दुदावत



गैस एजेंसियों की बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश, बुकिंग क्रम और ओटीपी सत्यापन से ही होगी सिलेंडर की डिलीवरी, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा जिले में घरेलू रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों और संभावित अनियमितताओं पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गैस वितरक एजेंसियों की बैठक लेकर स्पष्ट कर दिया है कि जिले में घरेलू रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और इसकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण या ब्लैक मार्केटिंग की शिकायत मिली तो संबंधित लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले में संचालित गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गैस वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बुकिंग क्रम के आधार पर ही होगी डिलीवरी
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी बुकिंग डेट के अनुक्रम (फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व) के आधार पर ही की जाएगी। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को सिलेंडर देने से पहले ओटीपी ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी की जाएगी, ताकि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।
उन्होंने गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है। किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए और सभी को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही गैस सिलेंडर दिया जाए।
अवैध भंडारण और ब्लैक मार्केटिंग पर कड़ी नजर
कलेक्टर दुदावत ने कहा कि प्रशासन की टीम लगातार बाजार और गैस वितरण व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है। यदि कहीं भी गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण, कालाबाजारी या अनियमितता पाई गई तो संबंधित एजेंसी या व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों से बचने की अपील
कलेक्टर ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि रसोई गैस की कमी को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक उपभोक्ता को बिना किसी परेशानी के रसोई गैस उपलब्ध हो और वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी एवं व्यवस्थित रहे।


