स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पार्षद राकेश वर्मा सख्त, तेज रफ्तार वाहनों पर रोक के लिए स्पीड ब्रेकर लगाने की उठाई मांग



ब्लू बर्ड पब्लिक स्कूल और पेट्रोल पंप के सामने दुर्घटनाओं की आशंका, नगर निगम आयुक्त को सौंपा पत्र, जल्द कार्रवाई की अपेक्षा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को लेकर जनप्रतिनिधि भी सक्रिय नजर आ रहे हैं। वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद राकेश कुमार वर्मा ने क्षेत्र में स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त को पत्र सौंपकर सड़क पर गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) लगाने की मांग की है।
पार्षद राकेश कुमार वर्मा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वार्ड क्षेत्र में स्थित ब्लू बर्ड पब्लिक स्कूल के सामने तथा पास ही स्थित पेट्रोल पंप के सामने से गुजरने वाली सड़क पर वाहनों की रफ्तार काफी तेज रहती है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, अभिभावक और स्थानीय नागरिकों का आवागमन होता है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण कई बार दुर्घटना की स्थिति बन जाती है, जिससे क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि स्कूल समय के दौरान यहां बच्चों की आवाजाही काफी अधिक रहती है। ऐसे में सड़क पर किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि संबंधित स्थल का जल्द निरीक्षण कर वहां गति अवरोधक लगाए जाएं, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित हो सके और बच्चों सहित आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पार्षद राकेश वर्मा ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना उनका कर्तव्य है। बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है। इसलिए उन्होंने निगम प्रशासन से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।
क्षेत्र के नागरिकों ने भी पार्षद की इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि नगर निगम प्रशासन जल्द ही स्थल का निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था करेगा। यदि वहां स्पीड ब्रेकर लगाए जाते हैं तो न केवल वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण होगा, बल्कि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और राहगीरों को भी काफी राहत मिलेगी।


