सुदूर वनांचल साखो में आचार्य ज्योति रौतिया का विवाह बना प्रेरणादायी आयोजन — संच प्रमुख सहित कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं, भगवा ध्वज से सजा मड़वा



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** कोरबा। वन बंधु परिषद् द्वारा संचालित स्वयंसेवी संस्था एकल अभियान के अंतर्गत कोरबा जिले के सुदूर वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्र संच केन्द्र देवपहरी के ग्राम साखो में एक प्रेरणादायी और आत्मीय दृश्य देखने को मिला। यहां एकल अभियान से जुड़े सेवाभावी आचार्य ज्योति रौतिया के विवाह समारोह में संच प्रमुख सहित कई कार्यकर्ता शामिल होकर उन्हें आशीर्वाद और शुभकामनाएं देने पहुंचे।
आज सायं लगभग 4 बजे संच प्रमुख विवाह स्थल ग्राम साखो पहुंचे, जहां उन्होंने नवविवाहित आचार्य ज्योति रौतिया एवं उनके परिवारजनों से भेंट कर उन्हें विवाह की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। विवाह के अंतिम पारंपरिक रीति-रिवाज आमा पान सिंचाई के दौरान भी वे उपस्थित रहे और पूरे आयोजन में आत्मीय सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर देवपहरी क्षेत्र के लगभग 30 गांवों के संच प्रमुख भी विवाह समारोह में उपस्थित रहे। सभी ने नवदंपति ज्योति रौतिया एवं उनकी धर्मपत्नी को सुखद, समृद्ध और मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। विवाह स्थल यानी मड़वा पर लहराता भगवा ध्वज पूरे आयोजन की शोभा बढ़ा रहा था, जिसने वातावरण को और अधिक आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्रेरणादायी बना दिया।
इस दौरान संच प्रमुख ने कहा कि एकल अभियान से जुड़े आचार्य केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे समाज सेवा, संस्कार और जागरूकता के सशक्त वाहक भी होते हैं। ऐसे पारिवारिक आयोजनों में सहभागिता से समाज में आपसी प्रेम, सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश भी सशक्त रूप से प्रसारित होता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया, विवाह समारोह में स्नेहपूर्वक भोजन ग्रहण किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं करते हुए विदा ली। यह आयोजन सुदूर वनांचल क्षेत्र में सामाजिक एकता, संस्कार और आत्मीयता का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।


