August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

आशीर्वाद पॉइंट में भव्य होली मिलन समारोह — कोरबा के वरिष्ठ एवं सम्माननीय जनों की उपस्थिति में “दिव्य श्री हनुमंत कथा” की तैयारियों को मिली गति

1 min read

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। आगामी 28 मार्च से 01 अप्रैल तक आयोजित होने वाली “दिव्य श्री हनुमंत कथा” के उपलक्ष्य में आज आशीर्वाद पॉइंट, कोरबा में भव्य होली मिलन समारोह अत्यंत उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कोरबा शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी, वरिष्ठ एवं सम्माननीय नागरिक उपस्थित हुए। विशेष रूप से महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को और अधिक जीवंत बना दिया, जिससे पूरा परिसर होली के रंगों, उल्लास और धार्मिक वातावरण से सराबोर नजर आया।
यह आयोजन अपना घर सेवा आश्रम परिवार, कोरबा के तत्वावधान में संपन्न हुआ। समारोह के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा आगामी दिव्य श्री हनुमंत कथा को भव्य, ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए अपने विचार साझा करते हुए सहयोग का संकल्प भी व्यक्त किया।

 

 

कार्यक्रम में मंच पर सत्येंद्र दुबे, सुबोध सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, नरेंद्र देवांगन सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सह संयोजक सौरभ दुबे की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सभी अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि होली का पर्व केवल रंगों का उत्सव ही नहीं बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आगामी दिव्य श्री हनुमंत कथा का आयोजन कोरबा जिले में धार्मिक चेतना, सांस्कृतिक जागरण और आध्यात्मिक ऊर्जा का नया संदेश लेकर आएगा।
कार्यक्रम का आकर्षक और प्रभावी मंच संचालन अपना घर सेवा आश्रम के संस्थापक राणा मुखर्जी ने किया। उन्होंने अपने सहज और प्रभावशाली संचालन से पूरे कार्यक्रम को रोचक बनाए रखा और उपस्थित श्रद्धालुओं को आयोजन से लगातार जोड़े रखा।
इस अवसर पर आयोजन समिति की प्रमुख जिम्मेदारियों की भी घोषणा की गई। कलश यात्रा संयोजिका के रूप में वैशाली रत्नपारखी को दायित्व सौंपा गया है, जबकि सह संयोजिका के रूप में शीला सिंह, कविता सोनी एवं मोनिका अग्रवाल को जिम्मेदारी दी गई है।
आयोजन समिति द्वारा यह भी घोषित किया गया कि दिव्य श्री हनुमंत कथा की अध्यक्षता एवं कार्यक्रम प्रमुख के रूप में पवनपुत्र भगवान श्री हनुमान जी को समर्पित किया गया है, जिनकी कृपा और आशीर्वाद से यह आध्यात्मिक आयोजन संपन्न होगा। इसके साथ ही कार्यक्रम संयोजक अमरजीत सिंह, कार्यक्रम सचिव डॉ. पवन सिंह, मुख्य संरक्षक जुड़ावन सिंह, संरक्षक मंडल प्रमुख सुबोध सिंह तथा मातृ शक्ति प्रमुख ऋतु चौरसिया को आयोजन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने बताया कि आगामी दिव्य श्री हनुमंत कथा को भव्य रूप देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। कथा के माध्यम से समाज में धर्म, संस्कृति, सेवा भावना और मानवीय मूल्यों का संदेश प्रसारित किया जाएगा तथा अधिक से अधिक लोगों को इस आध्यात्मिक आयोजन से जोड़ा जाएगा।
समारोह के अंत में आयोजकों ने कोरबा जिले के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, समाजसेवियों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे आगामी “दिव्य श्री हनुमंत कथा” में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस पावन धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।
🌸 होली के पावन पर्व पर आयोजित यह भव्य समारोह कोरबा में सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक समरसता का जीवंत उदाहरण बनकर लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बना रहेगा। 🌸

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.