March 9, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

दुर्ग में अफीम की खेती पर भाजपा का कांग्रेस पर तीखा हमला — “कांग्रेस शासन में फला-फूला नशे का कारोबार, साय सरकार ने पकड़ा और की त्वरित कार्रवाई”

 

भाजपा की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर गंभीर आरोप, भूपेश बघेल से पूछा—कार्रवाई के बाद अफीम के खेत में क्यों पहुंचे?

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**   रायपुर   छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रतिबंधित अफीम की खेती के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर सीधा और तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि प्रदेश में अफीम की खेती और नशे का अवैध कारोबार कांग्रेस शासनकाल में ही शुरू हुआ और उसी के संरक्षण में वर्षों तक फलता-फूलता रहा। भाजपा ने दावा किया कि राज्य में विष्णुदेव साय सरकार के आते ही इस मामले पर सख्त कार्रवाई की गई और दोषियों को बख्शा नहीं गया।
रविवार को रायपुर स्थित एकात्म परिसर में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा, नलिनेश ठोकने, शिव नारायण पांडेय और प्रदेश मंत्री अमित साहू ने वीडियो प्रजेंटेशन के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी दी। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि इस मामले को लेकर कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने कहा कि दुर्ग जिले में मक्का और गेहूं की फसल के बीच छिपाकर अफीम की खेती की जा रही थी। जांच में यह तथ्य सामने आया है कि यह अवैध गतिविधि पिछले लगभग पाँच वर्षों से चल रही थी। इसका सीधा अर्थ है कि यह कारोबार कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुआ और उसी दौर में पनपा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश में नशे का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ा और कई जगहों पर इसे संरक्षण भी मिला।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि जैसे ही राज्य सरकार को अफीम की खेती की सूचना मिली, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के एक घंटे के भीतर कलेक्टर, पुलिस और संबंधित एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरी कार्रवाई शुरू कर दी गई। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी भी की गई। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई बताती है कि साय सरकार प्रदेश में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

भाजपा प्रवक्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार और प्रशासन पहले ही कार्रवाई कर चुके थे, तो उसके अगले दिन भूपेश बघेल कांग्रेस नेताओं के साथ कैमरा लेकर अफीम के खेत में क्यों पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिस वीडियो को कांग्रेस ने सार्वजनिक किया है, उसमें कुछ लोग अफीम के फूल की चोरी और उसे बेचने की बातें करते हुए सुनाई दे रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि यह लोग कौन हैं और वहाँ क्या कर रहे थे।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब किसी मामले में सरकार कार्रवाई नहीं करती तब विपक्ष आवाज उठाता है, लेकिन यहां तो कार्रवाई हो चुकी थी। इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं का अफीम के खेत में जाकर वीडियो बनाना कई सवाल खड़े करता है। भाजपा ने यह भी पूछा कि क्या पूर्व मुख्यमंत्री वहां इसलिए पहुंचे थे ताकि जांच की दिशा को प्रभावित किया जा सके या सबूतों के साथ छेड़छाड़ की जा सके।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने इस मामले में अपने संगठनात्मक स्तर पर भी कड़ी कार्रवाई की है। जिस पूर्व भाजपा नेता का नाम सामने आया, उसे तत्काल पार्टी से निलंबित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी भी व्यक्ति को गलत काम करने की छूट नहीं है और जो भी कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

 

कांग्रेस ने हमेशा अपराध करने वालों को बचाया” — अमित साहू
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के प्रदेश मंत्री अमित साहू ने कांग्रेस पर और भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने आरोप सामने आते ही अपने नेता के खिलाफ कार्रवाई कर दी, लेकिन कांग्रेस ने कभी ऐसा साहस नहीं दिखाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई नेता गंभीर आरोपों में घिरे रहे, लेकिन पार्टी ने उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
अमित साहू ने कहा कि पूर्व मंत्री कवासी लखमा जेल से होकर आए, विधायक देवेंद्र यादव सहित कई नेताओं पर गंभीर आरोप लगे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें बचाने का ही काम किया। उन्होंने पूर्व मंत्री अमरजीत भगत सहित अन्य नेताओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस के दर्जनों नेताओं से जुड़े मामलों में पार्टी की चुप्पी यह दर्शाती है कि कांग्रेस अपराधियों को संरक्षण देने वाली पार्टी बन गई है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता अब सब समझ चुकी है कि कांग्रेस शासनकाल में अपराध और नशे का कारोबार किस तरह बढ़ा। भाजपा सरकार प्रदेश को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
अमित साहू ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा संगठन पर सवाल उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए और जनता को बताना चाहिए कि उसके नेताओं के खिलाफ लगे आरोपों पर उसने क्या कार्रवाई की। उन्होंने दो टूक कहा कि प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए कठोर कदम उठाने वाली है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.