March 9, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन, मंत्री लखन लाल देवांगन बोले – सशक्त नारी ही समृद्ध समाज की आधारशिला

 

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का हुआ सम्मान, बाल विवाह मुक्त नगरीय निकायों और पंचायतों को प्रदान किए गए प्रमाण पत्र

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**  कोरबा  अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोरबा जिले में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित भव्य जिला स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। नगर के राजीव गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया तथा बाल विवाह मुक्त घोषित पंचायतों और नगरीय निकायों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

 

 

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने सभी माताओं, बहनों और बेटियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, राजनीति और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, जिससे महिलाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त हुए हैं। पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण ने महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को मजबूत बनाया है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त महिलाएं ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला होती हैं। आज महिलाएं पहले से अधिक आत्मविश्वास के साथ समाज और देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में सरकार गठन के साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इसके साथ ही लखपति दीदी योजना, तेंदूपत्ता संग्रहण जैसे विभिन्न कार्यों के माध्यम से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की महिलाओं की आय बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
मंत्री देवांगन ने जिले में बाल विवाह की रोकथाम के लिए शासन और प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज को जागरूक बनाकर ही इस कुप्रथा को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत ने भी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश में महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और महतारी सदन निर्माण जैसी पहलों से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिल रहा है।
नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, सृजन और संस्कार का प्रतीक माना गया है। महिलाओं का सम्मान करना हमारी परंपरा और संस्कृति की पहचान है। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि भारतीय समाज में नारी को सदैव उच्च स्थान प्राप्त रहा है और समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत जिले की 2 लाख 93 हजार 859 पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है।

 

 

कलेक्टर ने बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि कोरबा जिले की 297 ग्राम पंचायतों और तीन नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त घोषित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण ही समाज के समग्र विकास का आधार है और इसके लिए शासन-प्रशासन निरंतर प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा जिले को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के उद्देश्य से उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाकर बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने की अपील की।
इस अवसर पर महतारी वंदन योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनी महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए और अन्य महिलाओं को योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद दीपका, नगर पालिका परिषद कटघोरा तथा नगर पंचायत छुरीकला को बाल विवाह मुक्त घोषित होने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही बाल विवाह मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को भी मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय महिला दिवस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी जिला स्तरीय सम्मेलन में दिखाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री का प्रेरणादायी संबोधन उत्साहपूर्वक सुना और शासन की विभिन्न योजनाओं से प्रेरणा प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.