March 9, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

स्व. दिलीप सिंह जूदेव की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि, कहा – उनका जीवन धर्म, संस्कृति और जनसेवा का अमिट आदर्श

 

मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में जूदेव के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित, जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान को बताया अविस्मरणीय

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर  हिंदू हृदय सम्राट’ और जनजातीय समाज के स्वाभिमान के प्रतीक रहे पूर्व लोकसभा सांसद स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वर्गीय जूदेव के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव का जीवन धर्म, संस्कृति और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मातृभूमि की सेवा, समाज के कल्याण और विशेष रूप से जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उनके व्यक्तित्व में साहस, आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक स्वाभिमान और प्रखर राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलता था।

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जूदेव केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि समाज में सांस्कृतिक चेतना जगाने वाले महान जननेता थे। उन्होंने वनांचल क्षेत्रों में जनजातीय समाज की पहचान, परंपराओं और स्वाभिमान को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य किया। उनके प्रयासों से जनजातीय समाज में आत्मगौरव की भावना जागृत हुई और समाज में सकारात्मक चेतना का व्यापक संचार हुआ।
उन्होंने आगे कहा कि जूदेव का संपूर्ण जीवन यह संदेश देता है कि धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की सेवा ही एक सच्चे जनसेवक का सर्वोच्च कर्तव्य है। उनके विचार, उनके आदर्श और सेवा का भाव आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यदि हम उनके बताए मार्ग पर चलें तो समाज और प्रदेश के विकास को नई दिशा मिल सकती है।

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जूदेव का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियां भी उनके जीवन से प्रेरणा लेती रहेंगी। उनकी जयंती केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने का दिन है।
इस अवसर पर विधायक रायमुनि भगत, विधायक गोमती साय, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.