August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

होली के रंग में रंगा भाजपा कार्यालय: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं संग मनाया होली मिलन, दी खुशहाली की शुभकामनाएँ

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**   रायपुर। रंगों, उमंग और आत्मीयता से सराबोर माहौल के बीच शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के एकात्म परिसर स्थित कार्यालय में रायपुर शहर जिला भाजपा द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ गुलाल लगाकर होली का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं और पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण दिखाई दिया।

 

 

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पावन पर्व प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की होली प्रदेश के लिए विशेष खुशियाँ लेकर आई है, क्योंकि राज्य सरकार ने अल्प समय में कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी निर्णय लेकर जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मोदी की गारंटी को तेज़ी से पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। धान खरीदी और किसानों को बकाया बोनस के भुगतान से प्रदेश के अन्नदाताओं के जीवन में आर्थिक समृद्धि आई है। वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से माताओं और बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर परिवार तक विकास और खुशहाली के रंग पहुँचाना है।
मुख्यमंत्री साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार होली के अनेक रंग मिलकर एक सुंदर और आनंदमय वातावरण का निर्माण करते हैं, उसी तरह समाज के सभी वर्गों को मिलकर समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रदेशवासियों को होली पर्व की हार्दिक बधाई दी।
कार्यक्रम को विधायक पुरंदर मिश्रा और भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम और सौहार्द को मजबूत करने का अवसर है और ऐसे आयोजनों से संगठनात्मक एकता भी और अधिक सुदृढ़ होती है।
समारोह में विधायक मोतीलाल साहू, संभाग सह प्रभारी राजीव सिंह, जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, अमरजीत छाबड़ा, केदार गुप्ता, गुंजन प्रजापति, डॉ. सलीम राज, अकबर अली, अर्चना हुकरे, पुष्पेंद्र उपाध्याय, अनिता देवांगन, रोहित द्विवेदी, अखिलेश कश्यप, रजयन ध्रुव, पंकज जगत, कृतिका जैन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस दौरान पारंपरिक फाग गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने पूरे एकात्म परिसर को उत्सवमय बना दिया। ढोलक और मंजीरे की थाप पर गूंजते फाग गीतों के बीच कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक होली का आनंद लिया और कार्यक्रम का माहौल रंगों और उमंग से सराबोर हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.