कोरबा को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात — 100 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक ‘शिवाय हॉस्पिटल’ का भव्य शुभारंभ


उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया लोकार्पण, हाईटेक मशीनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों से लैस सुपरस्पेशलिटी अस्पताल से कोरबा व आसपास के हजारों मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा औद्योगिक नगरी कोरबा में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल के तहत शहर के मध्य न्यू बस स्टैंड, टी.पी. नगर के पास स्थित अत्याधुनिक शिवाय हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन समारोह रविवार को संपन्न हुआ। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य-उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया।


इस गरिमामय कार्यक्रम में नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल तथा भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, चिकित्सक, व्यापारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कोरबा में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की इस नई पहल का स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे कोरबा जिले में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। शिवाय हॉस्पिटल के शुरू होने से न केवल शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचलों के लोगों को भी उच्चस्तरीय उपचार की सुविधा अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इससे मरीजों को रायपुर, बिलासपुर जैसे बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम पड़ेगी और समय पर इलाज मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की मंशा है कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में इसी प्रकार के आधुनिक अस्पताल स्थापित हों, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो सके। मंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अस्पतालों को उद्योग का दर्जा दिए जाने से स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
100 बिस्तरों के साथ हाईटेक चिकित्सा सुविधाएं
शिवाय हॉस्पिटल को एक आधुनिक सुपरस्पेशलिटी हेल्थ सेंटर के रूप में विकसित किया गया है। यहां 100 बिस्तरों की सुविधा, अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर, उन्नत ऑपरेशन थिएटर, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपलब्ध रहेगी। अस्पताल में हाईटेक मशीनों के माध्यम से विभिन्न बीमारियों की जांच तेजी और सटीकता से की जा सकेगी, जिससे मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा।

अस्पताल में प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ, आधुनिक नर्सिंग केयर सिस्टम, पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था तथा 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
महानगरों जैसी सुविधा अब कोरबा में
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि शिवाय हॉस्पिटल का उद्देश्य कोरबा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को महानगरों जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।

न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन डॉ. दिविक मित्तल, आर्किटेक्ट आशीष भावनानी तथा हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. यश मित्तल ने बताया कि अब तक कई गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को रायपुर, बिलासपुर या अन्य बड़े शहरों में जाना पड़ता था, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियां होती थीं। शिवाय हॉस्पिटल के माध्यम से अब ऐसी सुविधाएं कोरबा में ही उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार मिल सकेगा।
शहर के नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि शिवाय हॉस्पिटल का शुभारंभ कोरबा के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सकों और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के कारण निश्चित रूप से हजारों मरीजों को बेहतर इलाज और नई उम्मीद मिलेगी।


