March 7, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

महिला दिवस पर कोरबा में लगेगा विशेष आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर, महिलाओं के लिए निशुल्क जांच व परामर्श की व्यवस्था

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** कोरबा। 08 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत कोरबा में महिलाओं और युवतियों के लिए विशेष निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, विश्व हिंदू परिषद, आरोग्य भारती एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होगा।
यह स्वास्थ्य शिविर पतंजलि चिकित्सालय – श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10-11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड कोरबा में 08 मार्च 2026 (रविवार) को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में महिलाओं और युवतियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण जांच और परामर्श सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

 

शिविर में हीमोग्लोबिन, रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) तथा रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) की जांच पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं के स्वास्थ्य और ऊर्जा को बढ़ाने के उद्देश्य से “ऊर्जा क्वाथ” भी निःशुल्क पिलाया जाएगा, जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करने के साथ कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक माना जाता है।
शिविर में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित ख्यातिलब्ध नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा तथा नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा अपनी चिकित्सकीय सेवाएं देंगे। दोनों विशेषज्ञ नाड़ी परीक्षण के माध्यम से विभिन्न रोगों का परीक्षण कर मरीजों को आयुर्वेदिक उपचार, योगाभ्यास और प्राणायाम के बारे में विस्तृत परामर्श देंगे।
इस विशेष शिविर में महिलाओं एवं युवतियों से संबंधित अनेक रोगों जैसे कैंसर, मधुमेह, थायरॉयड, ब्लड प्रेशर, श्वास रोग, टीबी, लकवा, साइटिका, ऑस्टियोपोरोसिस, गठिया, पथरी, पीलिया, माइग्रेन, डिप्रेशन, अनिद्रा, अम्लपित्त, बवासीर, भगंदर, गैस, दुर्बलता, बांझपन, श्वेत प्रदर, रक्त प्रदर, हृदय रोग, चर्म रोग, सोरायसिस, एक्जिमा और शीतपित्त सहित अन्य कई जटिल बीमारियों के संबंध में नाड़ी परीक्षण कर परामर्श दिया जाएगा।
विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगियों को उनके स्वास्थ्य के अनुसार योगाभ्यास, प्राणायाम, दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार और जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी व्यक्तिगत रूप से दी जाएगी, ताकि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकें।
लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के सचिव लायन डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अंचलवासियों से अपील की है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक महिलाएं और युवतियां लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि शिविर में भाग लेने के लिए पूर्व पंजीयन कराया जा सकता है, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शिविर में पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर जांच के लिए निर्धारित समय प्राप्त किया जा सकता है। आयोजकों ने महिलाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराने और आयुर्वेद व योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.