August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की मेगा सौगात — आज खुलेगा 100 बेड का सुपरस्पेशलिटी ‘शिवाय हॉस्पिटल’, दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में होगा भव्य शुभारंभ

1 min read

 

 

आधुनिक तकनीक, 24 घंटे जांच सुविधा और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के साथ शहर को मिलेगा बड़े शहरों जैसा इलाज — नया बस स्टैंड टी.पी. नगर में सुबह 11 बजे होगा उद्घाटन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा के लिए आज का दिन स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पड़ाव साबित होने जा रहा है। शहर के प्रमुख स्थान नया बस स्टैंड, टी.पी. नगर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित 100 बिस्तरों वाला सुपरस्पेशलिटी ‘शिवाय हॉस्पिटल’ आज से आम जनता के लिए अपने द्वार खोलने जा रहा है।
लंबे समय से कोरबा और आसपास के क्षेत्रों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत महसूस की जा रही थी। ऐसे में अत्याधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित इस अस्पताल की शुरुआत को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
अस्पताल के शुरू होने से अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बिलासपुर, रायपुर और नागपुर जैसे बड़े शहरों का रुख करने की मजबूरी काफी हद तक कम हो जाएगी। अब कोरबा में ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में होगा भव्य शुभारंभ
आज 7 मार्च को प्रातः 11 बजे आयोजित होने वाले भव्य उद्घाटन समारोह में प्रदेश के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगी।
वहीं कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह करेंगे।
इसके अलावा नगर निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
इस ऐतिहासिक अवसर पर शहर के कई सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
“Healing Beyond Medicine” के संकल्प के साथ शुरुआत
‘शिवाय हॉस्पिटल’ केवल इलाज का केंद्र ही नहीं बल्कि एक संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की सोच के साथ शुरू हो रहा है। अस्पताल का मूल मंत्र “Healing Beyond Medicine” है, जिसका अर्थ है कि यहां मरीजों को केवल दवाइयों से नहीं बल्कि एक सुरक्षित, आत्मीय और मानवीय वातावरण में उपचार प्रदान किया जाएगा।
अस्पताल प्रबंधन का उद्देश्य मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ भरोसेमंद और संवेदनशील देखभाल उपलब्ध कराना है।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी सुपरस्पेशलिटी सुविधाएं
शिवाय हॉस्पिटल में मरीजों को एक ही छत के नीचे कई अत्याधुनिक और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
यहां लैप्रोस्कोपिक (दूरबीन) सर्जरी के माध्यम से पथरी, हर्निया, बच्चेदानी और पेट से जुड़ी जटिल बीमारियों का बिना बड़े ऑपरेशन के सफल उपचार किया जाएगा।
अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट भी स्थापित की गई है, जहां सिर की गंभीर चोट, लकवा, ट्यूमर और किडनी से जुड़ी बीमारियों का विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज किया जाएगा।
इसके अलावा हड्डी और जोड़ से संबंधित समस्याओं के लिए भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपलब्ध रहेगी, जो जॉइंट रिप्लेसमेंट जैसे जटिल ऑपरेशन भी आधुनिक तकनीक से करेगी।
24 घंटे उपलब्ध रहेंगी अत्याधुनिक जांच सुविधाएं
मरीजों की त्वरित और सटीक जांच के लिए अस्पताल में अत्याधुनिक जांच सुविधाएं भी स्थापित की गई हैं।
यहां सीटी स्कैन, सोनोग्राफी, डिजिटल एक्स-रे और एनसीवी जैसी आधुनिक जांच सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। इससे मरीजों को तुरंत जांच और उपचार की सुविधा मिल सकेगी तथा गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिल पाएगा।
अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम देगी सेवाएं
शिवाय हॉस्पिटल में अनुभवी और प्रतिष्ठित विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मरीजों को सेवाएं प्रदान करेगी। अस्पताल में डॉ. आस्था, डॉ. यशा और डॉ. मित्तल जैसे विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे।
डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल का उद्देश्य कोरबा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़े शहरों जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं यहीं उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को दूर-दराज के शहरों में भटकना न पड़े और समय पर इलाज मिल सके।
कोरबा के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा मील का पत्थर
औद्योगिक नगरी कोरबा में इस अत्याधुनिक सुपरस्पेशलिटी अस्पताल की शुरुआत को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि ‘शिवाय हॉस्पिटल’ के शुरू होने से क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का स्तर और बेहतर होगा तथा हजारों मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
आज होने जा रहा यह भव्य उद्घाटन समारोह केवल एक अस्पताल का शुभारंभ नहीं, बल्कि कोरबा के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.