महतारी वंदन योजना से ग्रामीण महिलाओं को मिल रहा सहारा, हर महीने की राशि से घर की जरूरतें हो रहीं पूरी


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बनती जा रही है। कोरबा जिले के दूरस्थ गांवों में यह योजना महिलाओं की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मदद साबित हो रही है। हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता से महिलाएं अब अपने घर की आवश्यकताओं को पूरा कर पा रही हैं और उनमें आत्मनिर्भरता का विश्वास भी बढ़ रहा है।
पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम मुकुवा में रहने वाली बॉबी बाई बताती हैं कि उनके पति लकवाग्रस्त हैं और काम करने में असमर्थ हैं। ऐसे में परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर है और मजदूरी से ही घर का खर्च चलता है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि उनके लिए बड़ी राहत बन गई है। इस महीने उन्होंने बचत कर घर के लिए जरूरी सामान खरीदे, जबकि ठंड के दिनों में इसी राशि से उन्होंने कंबल भी खरीदा था।
गांव की ही पवड़िया बाई का कहना है कि इस योजना से गांव की अधिकांश महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है। कभी राशन खरीदने में तो कभी कपड़े या घर की अन्य छोटी जरूरतों को पूरा करने में यह राशि उनके लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब हर महीने मिलने वाली राशि से उन्हें राहत मिल रही है।
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई यह योजना उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। ग्राम मुकुवा में महतारी वंदन योजना अब केवल एक सरकारी योजना नहीं रही, बल्कि महिलाओं के जीवन में उम्मीद और आत्मनिर्भरता की नई कहानी बन चुकी है।


