छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 सर्वस्पर्शी एवं सर्वसमावेशी : डॉ. विजय राठौर


पिछड़ा वर्ग के उत्थान और समग्र विकास को मिली नई दिशा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** कोरबा। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय राठौर ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट का स्वागत करते हुए इसे जनकल्याणकारी, सर्वस्पर्शी एवं समावेशी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के सभी वर्गों—किसान, युवा, महिला, श्रमिक, व्यापारी एवं पिछड़ा वर्ग—के सर्वांगीण विकास का रोडमैप प्रस्तुत करता है।
डॉ. राठौर ने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने ऐसा बजट प्रस्तुत किया है, जिसमें विकास के साथ-साथ सामाजिक न्याय और आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि बजट में पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, कौशल विकास योजनाओं के विस्तार, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन देने जैसे प्रावधान सराहनीय हैं।
उन्होंने बताया कि बजट में ग्रामीण अधोसंरचना, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, सड़क एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे दूरस्थ अंचलों में रहने वाले पिछड़े वर्ग के परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। शिक्षा और रोजगार उन्मुख योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह बजट मील का पत्थर सिद्ध होगा।
डॉ. विजय राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह बजट “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की भावना को साकार करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बजट के माध्यम से छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचेगा।
अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री एवं वित्त विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

