छत्तीसगढ़ राज्य बजट 2026-27 में खेलों को अभूतपूर्व बढ़ावा, युवाओं के लिए सुनहरा अवसर : तारकेश मिश्रा


खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन योजनाओं से प्रदेश में सशक्त होगी खेल संस्कृति
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के लिए किए गए व्यापक और दूरदर्शी प्रावधानों का स्वागत करते हुए तारकेश मिश्रा, संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष, राज्य किकबॉक्सिंग संघ, छत्तीसगढ़ ने इसे खेल जगत के लिए ऐतिहासिक बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट स्पष्ट संकेत देता है कि राज्य सरकार खेलों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर युवा सशक्तिकरण, स्वास्थ्य संवर्धन और प्रदेश के समग्र विकास का सशक्त माध्यम बना रही है।
तारकेश मिश्रा ने कहा कि खिलाड़ियों के उन्नत प्रशिक्षण, आधुनिक खेल अधोसंरचना के विकास, खेल प्रशिक्षण भवनों के निर्माण, खेल अकादमियों के सुदृढ़ीकरण तथा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए किए गए प्रावधान अत्यंत सराहनीय हैं। खेल संघों एवं विभिन्न खेल संस्थाओं को दिए जाने वाले अनुदान से जमीनी स्तर पर खेल गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे।
उन्होंने विशेष रूप से महिला खेल प्रतियोगिताओं के लिए अलग प्रावधान, राज्य खेल महोत्सव के आयोजन, राष्ट्रीय खेलों में सहभागिता, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए वित्तीय समर्थन तथा मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन मिशन जैसी पहलों की प्रशंसा की। उनके अनुसार ये कदम युवाओं में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेंगे।
तारकेश मिश्रा ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और अन्य क्षेत्रीय खेल आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। इससे खेल प्रतिभाओं की पहचान, चयन और उन्हें राज्य से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की प्रक्रिया और सुदृढ़ होगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि किकबॉक्सिंग जैसे उभरते खेलों को भी इस सकारात्मक बजट का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। प्रभावी क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगे।
अंत में तारकेश मिश्रा ने कहा कि राज्य किकबॉक्सिंग संघ, छत्तीसगढ़ सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर खेल प्रतिभाओं को निखारने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और प्रदेश में सशक्त खेल संस्कृति के निर्माण हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

