कटघोरा में गूंजा भक्ति और संस्कृति का संगम: जिला स्तरीय ‘एकल श्री हरि सत्संग प्रतियोगिता’ में मंडलियों ने बांधा समां


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/**कटघोरा, कोरबा 22 फरवरी वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा और संस्कार का अलख जगा रही संस्था एकल अभियान अंचल जिला कोरबा द्वारा जिला स्तरीय ‘एकल श्री हरि सत्संग प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन डॉ. अंबेडकर भवन, कटघोरा में धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 10 संचों में से 8 मंडलियों ने भाग लेकर भक्ति, संस्कृति और परंपरा से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 12 बजे मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा माँ भारती और माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। ओंकार ध्वनि, गायत्री मंत्र, विजय महामंत्र और श्री हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से पूरे सभागार में आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हो गया।
मुख्य अतिथियों का प्रेरक मार्गदर्शन
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि भोजराम देवांगन, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ हस्तकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ मर्यादित रायपुर, ने अपने संबोधन में सनातन मूल्यों की वर्तमान प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए समाज को संगठित एवं जागरूक रहने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कोरबा के व्यवस्था प्रभारी राजीव गुप्ता ने भी उपस्थित जनसमूह को प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया। अंचल समिति अध्यक्ष अश्वनी मिश्रा ने प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
मंडलियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां
प्रतियोगिता का आगाज दीपका संच से हुआ। इसके बाद देवपहरी, बालको, पाली, चैतमा, बेलतरा, मोरगा एवं पोंडी बत्रा की मंडलियों ने मंच पर अपनी-अपनी प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुति और पारंपरिक शैली में किए गए सत्संग ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर प्रस्तुति में ग्रामीण संस्कृति की सादगी और आध्यात्मिकता की गहराई झलकती रही।
निर्णायक मंडल का निष्पक्ष निर्णय
निर्णायक समिति में पारस योगी, संतोष साहू एवं जे.एस. मानसर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मूल्यांकन के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली मंडलियों को मोमेंटो एवं सप्रेम राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। अन्य सभी प्रतिभागी मंडलियों को भी स्मृति चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया गया।
समापन सत्र में समाज जागरण का संदेश
समापन सत्र के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह एवं कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने अपने उद्बोधन में एकल अभियान के कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज जागरण और संस्कार निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
कार्यक्रम का समापन माँ भारती की भव्य आरती के साथ हुआ। मंच संचालन अंचल अभियान प्रमुख किताब सिंह पैकरा ने किया तथा सभी अतिथियों, आचार्यों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष हरेराम शर्मा, पार्षद पवन अग्रवाल, अजय गर्ग, राजेश्वरी जात्रा, अनुराग तिवारी, डॉ. गोपाल गोस्वामी, मनोज नायडू, लल्लू सिंह, अजय धनोंदिया, नवीन गोयल, स्नेहलता पटेल, संजय पांडे, रमेश गुरुद्वान, संभाग स्तरीय कार्यकर्ता भागवत लाल नायक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
एकल अभियान कोरबा के समर्पित कार्यकर्ताओं और आचार्यों के अथक प्रयास से यह आयोजन भव्य एवं सफल रहा। भक्ति, संगठन और संस्कृति के इस संगम ने कटघोरा में एक नई ऊर्जा का संचार किया और समाज में संस्कार व जागरण का सशक्त संदेश दिया।

