विधायक दल की आत्मीय बैठक में गूंजा शुभकामनाओं का स्वर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को दी जन्मदिन की हार्दिक बधाई
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** रायपुर, 22 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिन के उपरांत नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक आत्मीयता और उत्साह से सराबोर रही। बैठक के प्रारंभ में विधायक दल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी तथा उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल नेतृत्व की कामना की।
बैठक का वातावरण सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण रहा। जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए उनके प्रति अपना विश्वास और समर्थन दोहराया। विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए सरकार सतत प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का यह स्नेह और समर्थन उन्हें प्रदेश की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि आप सभी का आत्मीय सहयोग ही प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं को पूर्ण करने की शक्ति देता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि टीम भावना और समन्वय के साथ सरकार विकास और जनसेवा के नए आयाम स्थापित करेगी।
बैठक में संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों और प्रदेश के विकास एजेंडे पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विधायकों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनता से सतत संवाद बनाए रखें और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
यह बैठक न केवल जन्मदिन की शुभकामनाओं का अवसर बनी, बल्कि सरकार और संगठन के बीच मजबूत समन्वय और सामूहिक संकल्प का भी प्रतीक साबित हुई। विधायक दल की ओर से व्यक्त आत्मीय शुभकामनाओं ने बैठक को विशेष गरिमा प्रदान की।


