August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में मॉडिफाइड साइलेंसर वालों पर पुलिस का शिकंजा: नेताजी चौक पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई बाइक जब्त — ₹10 हजार जुर्माना तय

1 min read

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शहर के व्यस्त नेताजी चौक पर चलाए गए विशेष अभियान में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर शोर और अराजकता फैलाने वाली कई दुपहिया वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नियम तोड़ने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा।
यातायात पुलिस विभाग की टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की। होली पर्व को देखते हुए पुलिस पहले से अलर्ट मोड में है और शहर में शांति व व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन जांच अभियान चला रही है। अभियान के दौरान विशेष रूप से बुलेट और अन्य बाइकों की जांच की गई, जिनमें अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज और विस्फोटक आवाज न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाती है, बल्कि आम नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों के लिए गंभीर असुविधा का कारण बनती है। हर शाम शहर की लगभग हर कॉलोनी और मुख्य मार्गों पर ऐसे बाइक सवार तेज आवाज के साथ स्टंट करते हुए नजर आते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है और दुर्घटना का खतरा बढ़ता है।
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए वाहनों के प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रत्येक मामले में 10 हजार रुपये का अर्थदंड निर्धारित किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी कॉलोनी, चौक-चौराहे या मुख्य मार्ग पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को नियमों के पालन के प्रति जागरूक करें और वाहनों में किसी प्रकार का अवैध परिवर्तन न कराएं। पुलिस का कहना है कि सड़कें स्टंट या शोर मचाने के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित आवागमन के लिए हैं।
कोरबा पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर में स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं। आने वाले दिनों में और भी सघन अभियान चलाए जाने की तैयारी है, जिससे शहर में अनुशासित और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.