एआई समिट में कांग्रेस के कथित अभद्र कृत्य के खिलाफ महिला मोर्चा का उग्र प्रदर्शन — ‘राष्ट्र की छवि से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस द्वारा किए गए कथित अभद्र और अमर्यादित कृत्य के विरोध में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, रायपुर शहर जिला ने शंकर नगर चौक बीटीआई मैदान के पास जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। लगभग 350 की संख्या में पहुंची महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ तीखे नारे लगाए और पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
यह प्रदर्शन भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व रायपुर शहर जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष कृतिका जैन ने किया।

“भारत की छवि धूमिल करने की साजिश” — विभा अवस्थी
धरने को संबोधित करते हुए विभा अवस्थी ने कहा कि एआई समिट जैसे वैश्विक मंच पर इस प्रकार का कृत्य न केवल शर्मनाक है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व के निर्देश पर किया गया यह प्रदर्शन देश की छवि को धूमिल करने की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में विश्व मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है, तब विपक्ष द्वारा ऐसे कदम राष्ट्रहित के प्रतिकूल हैं।
कांग्रेस पर तीखे प्रहार
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पांडेय ने कहा कि इस घटना ने कांग्रेस की राजनीतिक दिशा पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को उकसाकर वैश्विक आयोजन की गरिमा भंग करने का प्रयास किया।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने इसे कांग्रेस के “घोर पतन” की शुरुआत बताते हुए कहा कि एक ओर देश तकनीकी प्रगति की ओर अग्रसर है, वहीं विपक्ष नकारात्मक राजनीति में उलझा है।
रायपुर शहर जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष कृतिका जैन ने भी कांग्रेस पर राष्ट्रहित से ऊपर राजनीति रखने का आरोप लगाया और कहा कि इस कृत्य के लिए पार्टी नेतृत्व को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
धरना-प्रदर्शन के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा, भाजपा शहर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, अपेक्स बैंक अध्यक्ष केदार नाथ गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पार्षद अनामिका सिंह, श्वेता विश्वकर्मा, रामिन कुररे, गायत्री नौरंगे, प्रभा दुबे, सीमा संतोष साहू, मिली बनर्जी, तिलेश्वरी धुरंधर, प्रीति परगनिया, किरण सिंह भारती बाघल, रेखा, रोशनी, दीपा सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहीं।
जोरदार नारेबाजी और पुतला दहन
धरने के दौरान कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की गई। महिला कार्यकर्ताओं ने इसे “राष्ट्रविरोधी मानसिकता” करार देते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया और भविष्य में भी ऐसे मुद्दों पर सड़क पर उतरकर जवाब देने की चेतावनी दी।
इस उग्र प्रदर्शन ने राजधानी रायपुर में राजनीतिक माहौल को गरमा दिया और एआई समिट की घटना को लेकर सत्तापक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी तेज हो गई है।

