प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात’ की 131वीं कड़ी गूंज उठी छत्तीसगढ़ में — मुख्यमंत्री निवास से लेकर अस्पतालों और जिला कार्यालयों तक हुआ सामूहिक श्रवण


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**रायपुर,22 फरवरी 2026
देश के लोकप्रिय जनसंवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 131वीं कड़ी ने रविवार को पूरे छत्तीसगढ़ में एक विशेष उत्साह का वातावरण निर्मित कर दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस मासिक रेडियो संवाद को प्रदेश के विभिन्न जिलों, मंडलों, अस्पतालों और भाजपा कार्यालयों में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से सुना।
मुख्यमंत्री निवास में हुआ विशेष श्रवण
राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यक्रम का श्रवण किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कैबिनेट मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल एवं राजेश अग्रवाल, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, छत्तीसगढ़ स्टेट वेबरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो प्रसारण नहीं, बल्कि देश के विकास, नवाचार, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी को प्रेरित करने वाला सशक्त माध्यम बन चुका है।
एमएमआई नारायणा अस्पताल में भी गूंजा कार्यक्रम
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने राजधानी रायपुर स्थित MMI Narayana Multispeciality Hospital में प्रधानमंत्री श्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, प्रदेश मंत्री अमित साहू, विधायक सुनील सोनी, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंदकुमार साहू, रायपुर भाजपा प्रभारी राजेन्द्र शर्मा, शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, ललित जयसिंघानी सहित अनेक पदाधिकारी, चिकित्सकगण एवं मेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे। अस्पताल परिसर में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
नवा रायपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सुनी ‘मन की बात’
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर, अटल नगर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आगंतुकों के साथ ‘मन की बात’ के 131वें संस्करण का श्रवण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक सोच, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।

पश्चिम बंगाल के बर्धमान में भी हुआ श्रवण
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने पश्चिम बंगाल के बर्धमान स्थित जिला भाजपा कार्यालय में ‘मन की बात’ के 131वें संस्करण को कार्यकर्ताओं के साथ सुना। इस अवसर पर जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनसंवाद का सशक्त माध्यम बनी ‘मन की बात’
‘मन की बात’ कार्यक्रम वर्षों से देश के कोने-कोने में जनजागरण और प्रेरणा का माध्यम बना हुआ है। छत्तीसगढ़ में 131वीं कड़ी के सामूहिक श्रवण ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रधानमंत्री का यह संवाद कार्यक्रम जनमानस से सीधा जुड़ाव स्थापित करने में सफल रहा है।
प्रदेश भर में आयोजित सामूहिक श्रवण कार्यक्रमों ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री के विचारों और संदेशों को गंभीरता से सुना और आत्मसात किया जा रहा है।

