प्रधानमंत्री आवास योजना में ‘छत घोटाला’? भाजपा का कांग्रेस पर सीधा वार—कैग रिपोर्ट पर चुप्पी क्यों?


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना में व्यापक अनियमितताएं हुईं और इस पर आई नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट पर कांग्रेस जानबूझकर मौन साधे हुए है।
श्री चिमनानी ने कहा कि कैग की रिपोर्ट में उठाए गए गंभीर सवालों का जवाब देने के बजाय कांग्रेस के नेता चुप्पी साधे बैठे हैं। उन्होंने सवाल किया कि गरीबों के नाम पर आवास योजना की राशि में यदि गड़बड़ी हुई है, तो उसकी जवाबदेही कौन लेगा?
“गरीबों की छत छीनी, जेबें भरीं”
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल ‘घोटालों का काल’ था, जिसमें धार्मिक आस्थाओं से लेकर गरीबों के आशियानों तक को नहीं छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम पर आवास स्वीकृत हुए, उनमें से कुछ ऐसे भी बताए जा रहे हैं जो जीवित ही नहीं थे। कई मामलों में जिनके पास भूमि नहीं थी, उनके नाम पर भी राशि जारी होने की बात सामने आई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहली किस्त मिलने के बाद किसी अन्य पूर्ण निर्मित मकान की फर्जी तस्वीरें प्रस्तुत कर शेष राशि निकाल ली गई। श्री चिमनानी ने कहा कि यदि ये तथ्य सही हैं, तो यह सीधे-सीधे गरीबों के हक पर डाका है।
आलाकमान तक सवाल
श्री चिमनानी ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या यह कथित भ्रष्टाचार केवल राज्य स्तर तक सीमित था या इसकी जानकारी शीर्ष नेतृत्व तक भी थी? उन्होंने कहा कि जब तक कांग्रेस स्पष्ट रूप से कैग रिपोर्ट पर अपना पक्ष नहीं रखती, तब तक सवाल उठते रहेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता अपने “भ्रष्ट कारनामों” पर मौन हैं, लेकिन प्रदेश की जनता सब देख रही है। भाजपा ने कहा कि वह गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और कथित अनियमितताओं की पूरी जांच की मांग करती रहेगी।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब निगाहें इस बात पर हैं कि कांग्रेस इन आरोपों और कैग रिपोर्ट में उठे सवालों पर क्या आधिकारिक प्रतिक्रिया देती है।

