कोरबा में विकास की नई रफ्तार: वार्ड 17 में मंगल भवन, वार्ड 19 में सामुदायिक भवन और दादर बस्ती की सड़क का होगा कायाकल्प


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **///* कोरबा,19 फरवरी 2026
कोरबा नगर पालिक निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर संजूदेवी राजपूत ने आज 1 करोड़ 58 लाख रुपये के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शुभारंभ कर शहरवासियों को बड़ी सौगात दी।
तीन बड़े विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के तहत—
वार्ड क्रमांक 17 ढोढ़ीपारा भैंसखटाल में काली मंदिर के समीप 20 लाख रुपये की लागत से मंगल भवन का निर्माण किया जाएगा।
वार्ड क्रमांक 19 ढोढ़ीपारा के सामने स्थित बस्ती में क्षत्रिय राठौर समाज की मांग पर 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण प्रारंभ किया गया।
वार्ड क्रमांक 34 दादर (दादरखुर्द बस्ती) में कंकालिन मंदिर से जगन्नाथ मंदिर होते हुए मुख्य द्वार तक 1 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण कार्य कराया जाएगा।
इन सभी कार्यों का विधिवत भूमिपूजन एवं शुभारंभ मंत्री श्री देवांगन एवं महापौर श्रीमती राजपूत के करकमलों से संपन्न हुआ।

“नागरिकों की हर आवश्यकता पूरी करना मेरा प्रथम लक्ष्य” — मंत्री देवांगन
अपने संबोधन में मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि वे स्वयं को क्षेत्रवासियों के परिवार का सदस्य मानते हैं और उनकी हर विकासात्मक आवश्यकता को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि मंगल भवन और सामुदायिक भवन बनने से बस्तीवासियों को पारिवारिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए सुविधायुक्त स्थान मिलेगा। यह लंबे समय से लंबित मांग थी, जो अब साकार हो रही है।
मंत्री श्री देवांगन ने देश और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। रेल कॉरिडोर विस्तार, फोर लेन-सिक्स लेन सड़कें, गरीबों के लिए पक्के आवास एवं अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समयसीमा में जनहितैषी योजनाओं को लागू कर प्रदेश के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल की कई योजनाओं को पुनः संचालित कर गरीब, किसान, मजदूर, युवा एवं महिलाओं को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
“उद्योग मंत्री के मार्गदर्शन में कोरबा का ऐतिहासिक विकास” — महापौर
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि उद्योग मंत्री श्री देवांगन के मार्गदर्शन में कोरबा में ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं। वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और निगम के सभी वार्डों में मांग एवं आवश्यकता के अनुरूप बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य चल रहे हैं।
वार्डवासियों में उत्साह, पुरानी मांग हुई पूरी
वार्ड 17 के पार्षद श्री लक्ष्मण श्रीवास ने मंगल भवन निर्माण को वार्डवासियों की पुरानी मांग बताते हुए मंत्री एवं महापौर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भवन की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण का आग्रह भी किया, जिस पर सकारात्मक आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
विकास से बदलेगी तस्वीर
मंगल भवन और सामुदायिक भवन निर्माण से जहां सामाजिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा, वहीं दादर बस्ती की सड़क का कायाकल्प क्षेत्र की यातायात सुविधा और जनजीवन को सुगम बनाएगा।
कोरबा नगर में इन विकास कार्यों के साथ एक बार फिर यह संदेश गया है कि शहर विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

