February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा के विकास को मिली नई रफ्तार: मेयर इन काउंसिल ने 66 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को दी हरी झंडी

 

महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में साकेत निगम कार्यालय में संपन्न हुई एमआईसी बैठक, लगभग 60 से अधिक विकास प्रस्तावों पर लगी मुहर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा***//** कोरबा12 जनवरी 2026
नगर पालिक निगम कोरबा की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक आज निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर विकास से जुड़े 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास, निर्माण एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में प्रस्तावित लगभग 60 से अधिक महत्वपूर्ण विकास एवं निर्माण कार्यों, निगम के विभिन्न स्थलों पर निर्मित हाल कमरों को किराये पर देने से संबंधित निविदा दरों की स्वीकृति, शासन की पेंशन एवं आर्थिक सहायता योजनाओं के हितग्राहियों की स्वीकृति सहित अनेक प्रशासनिक व नागरिक हित से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा कर निर्णय लिया गया।

 

 

वार्डवार विकास कार्यों को मिली स्वीकृति
बैठक के दौरान अधोसंरचना मद से नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्रांतर्गत विभिन्न वार्डों में 23 विकास एवं निर्माण कार्यों के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। वहीं राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत निगम क्षेत्र में मुक्तिधाम निर्माण, सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्यों से जुड़े 10 निर्माण प्रस्तावों को भी एमआईसी की स्वीकृति मिली।
इसके अतिरिक्त राज्य प्रवर्तित योजना मद के अंतर्गत निगम क्षेत्र के विभिन्न उद्यानों के निर्माण, उन्नयन, सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्यों के 17 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। नगर की विभिन्न स्लम बस्तियों में सीसी रोड, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट एवं जलप्रदाय से संबंधित 10 निर्माण कार्यों को भी एमआईसी द्वारा हरी झंडी दी गई।
दर्री बाजार में 29.50 करोड़ की लागत से बनेगा कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स
बैठक में वार्ड क्रमांक 48 दर्री बाजार में लगभग 29.50 करोड़ रुपये की लागत से कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स एवं शेड निर्माण सहित अन्य विकास एवं निर्माण कार्यों के प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया। यह परियोजना क्षेत्र के व्यापारिक विकास एवं रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रस्तावों पर भी लिए गए अहम निर्णय
बैठक के दौरान वार्षिक भू-भाटक, अधोसंरचना विकास कर एवं पर्यावरण उपकर की राशि निगम द्वारा जमा किए जाने, इतवारी बाजार सामुदायिक भवन हाल हेतु निविदा आमंत्रण, मेजर ध्यानचंद व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स के हाल कमरों का आबंटन, निरस्तीकरण एवं पुनः निविदा आमंत्रण, निगम के विभिन्न स्थलों में निर्मित हाल कमरों की निविदा स्वीकृति, निगम क्षेत्र स्थित विद्युत प्लांटों में विद्युत पर निर्यात कर आरोपण तथा भूमि अधिग्रहण मुआवजा से जुड़े प्रस्तावों पर भी एमआईसी द्वारा आवश्यक निर्णय लिए गए।
साथ ही शासन की विभिन्न पेंशन एवं आर्थिक सहायता योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की स्वीकृति से जुड़े प्रस्तावों को भी मेयर इन काउंसिल ने मंजूरी प्रदान की।
महापौर ने की विकास एवं नागरिक सेवाओं की विस्तृत समीक्षा
बैठक के दौरान महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने निगम के विकास, निर्माण, नागरिक सेवाओं एवं सुविधाओं से जुड़े कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने जोनवार एवं वार्डवार प्रगतिरत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने, कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने, प्रस्तावित कार्यों की निविदा प्रक्रिया समय पर पूर्ण करने तथा जिन कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
महापौर ने जलापूर्ति व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति, सड़क प्रकाश व्यवस्था, उद्यानों की देखरेख, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, भवन निर्माण अनुमति, संपदा एवं राजस्व विभाग तथा निगम के विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में मेयर इन काउंसिल के सदस्य हितानंद अग्रवाल, फिरतराम साहू, अजय गोंड़, अजयकुमार चन्द्रा, उर्वशी राठौर, धनकुमारी गर्ग, सरोज शांडिल्य, ममता यादव उपस्थित रहे।
इसके अलावा अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, उपायुक्त पवन वर्मा एवं बी.पी. त्रिवेदी, लेखाधिकारी भवकांत नायक, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, संपदा अधिकारी अनिरुद्ध सिंह, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, मोतीलाल बरेठ, आकाश अग्रवाल, रमेश सूर्यवंशी, विनोद गोंड़, आस्मा डहरिया, अरविंद सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.