स्वामी विवेकानंद के विचारों से गूंजा केसीसी परिसर, युवा दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा की चमक






कोरबा कंप्यूटर महाविद्यालय में विवेकानंद जयंती पर प्रतियोगिताओं की धूम, मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ने दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा शिक्षण समिति द्वारा संचालित एवं अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय से संबद्ध कोरबा कंप्यूटर महाविद्यालय (केसीसी) में स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस बड़े ही उत्साह, गरिमा और प्रेरणादायी वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए पीपीटी प्रेजेंटेशन, भाषण, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केसीसी के अध्यक्ष श्री राजेश अग्रवाल रहे। उन्होंने सर्वप्रथम माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात बीसीए एवं पीजीडीसीए की छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सरस्वती वंदना ने पूरे सभागार को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान
मुख्य अतिथि श्री राजेश अग्रवाल ने अपने प्रेरक उद्बोधन में छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी अत्यंत आवश्यक है, जो अध्यात्म और सकारात्मक चिंतन से प्राप्त होता है। स्वामी विवेकानंद का जीवन आज के युवाओं के लिए मार्गदर्शक है।
प्रेजेंटेशन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत हुआ स्वामी जी का जीवन
कार्यक्रम के दौरान बीसीए अंतिम वर्ष के छात्र अंश, तरुण, अस्मिता एवं प्रिया ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के बचपन से संन्यास ग्रहण कर महान संत बनने तक की जीवन यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
डीसीए की छात्रा कविता ने अपने विचारों के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायी संदेशों को अभिव्यक्त किया। वहीं बीबीए अंतिम वर्ष की स्वस्तिका मुंगा एवं पीजीडीसीए की रोशनी ने स्वामी जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन दर्शन को सरल शब्दों में प्रस्तुत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में पीजीडीसीए के राहुल एवं कारण विश्वकर्मा द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत ने उपस्थित सभी लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार कर दिया।
गुरु-शिष्य परंपरा पर डाला गया विशेष प्रकाश
महाविद्यालय की शिक्षिकाएं श्रीमती रीना लहरे एवं श्रीमती सुरभि कुंडू ने अपने वक्तव्य में स्वामी विवेकानंद के जीवन में गुरु रामकृष्ण परमहंस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार स्वामी विवेकानंद ने अपने गुरु की सेवा कर जीवन को मानवता के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं को गुरु के प्रति श्रद्धा और अनुशासन के महत्व को समझाया।
शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों की रही उल्लेखनीय उपस्थिति
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण रीना लहरें, सुरभि कुंडू, बलिदास, इरविन कुमार, सुरभि राठौर, मेधा सोनी, उमाकांत, सिमरन कौर, राखी, पीयूष साहू एवं शिव निर्मलकर सहित महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन केसीसी की परंपरा अनुसार राष्ट्रगान के साथ हुआ। संपूर्ण आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी, ज्ञानवर्धक एवं स्मरणीय सिद्ध हुआ।





