मकर संक्रांति पर “चलो आयुर्वेद की ओर” अभियान की बड़ी पहल, बिल्हा में निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर 15 जनवरी को






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **** बिल्हा,15 जनवरी 2026
नव वर्ष एवं मकर संक्रांति के पावन पर्व के शुभ अवसर पर स्वस्थ भारत–समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक विशाल निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 15 जनवरी 2026, गुरुवार को संजय मेडिकल हाल बिल्हा एवं लायंस क्लब एवरेस्ट (क्लब नंबर 096456) के संयुक्त तत्वावधान में संजय मेडिकल हाल, मंडी रोड, बिल्हा में प्रातः 10 बजे से मध्यान्ह 2 बजे तक आयोजित होगा।
इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में अस्थि खनिज घनत्व (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच, मधुमेह (ब्लड शुगर) जांच, तथा स्त्री, पुरुष एवं बच्चों के सभी सामान्य, साध्य, कष्टसाध्य एवं असाध्य रोगों के लिए निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर प्रभारी अश्विनी बुनकर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित, छत्तीसगढ़ प्रांत की ख्यातिलब्ध चिकित्सिका नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा एवं पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के आजीवन सदस्य नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहकर अपनी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे।

उन्होंने बताया कि शिविर में प्रथम पंजीकृत 100 रोगियों को 2200 रुपये मूल्य की अस्थि खनिज घनत्व (BMD) जांच दिल्ली से आए विशेषज्ञ टेक्नीशियन द्वारा पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी। जांच के उपरांत संबंधित रोगों की निःशुल्क जानकारी, परामर्श एवं उपचार मार्गदर्शन आयुर्वेदिक चिकित्सकों द्वारा दिया जाएगा।
साथ ही मधुमेह रोगियों की रक्त शर्करा जांच भी निःशुल्क की जाएगी तथा परीक्षित आयुर्वेदिक औषधि भी निःशुल्क प्रदान की जाएगी।
शिविर की एक विशेषता यह भी रहेगी कि रोगियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार योगाभ्यास एवं प्राणायाम का व्यक्तिगत रूप से अभ्यास कराकर प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ-साथ दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार एवं विहार से संबंधित विस्तृत परामर्श भी व्यक्तिगत रूप से दिया जाएगा, जिससे रोगों के स्थायी समाधान और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिल सके।
संजय मेडिकल हाल बिल्हा के संचालक दिलीप गेहानी एवं शिविर प्रभारी अश्विनी बुनकर ने अंचल के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस निःशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा शिविर का लाभ उठाएं और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
शिविर में पंजीयन कराने एवं जांच के लिए समय निर्धारित करने हेतु मोबाइल नंबर 6232275433 पर संपर्क किया जा सकता है, जिससे शिविरार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।





