विकसित भारत की नींव मजबूत करेगा ‘जी-राम-जी’ अभियान, गांवों के सर्वांगीण उत्थान का रोडमैप तैयार — प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में भाजपा नेताओं का मंथन






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा *****//* रायपुर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में विकसित भारत जी-राम-जी जनजागरण अभियान को लेकर एक प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य गांवों के सर्वांगीण विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत–2047 के संकल्प को जमीनी स्तर तक पहुंचाना रहा। कार्यशाला को राज्यसभा सांसद एवं भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया।

प्रेजेंटेशन के माध्यम से वीबी-जी राम-जी अधिनियम की विस्तृत जानकारी देते हुए अरुण सिंह ने कहा कि यह योजना गांवों के समग्र विकास के लिए एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम 2025 लाया गया है, जो देश के गांवों को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। यह अधिनियम किसानों, मजदूरों और गरीब परिवारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।

अरुण सिंह ने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम, मनरेगा का उन्नत, पारदर्शी और अधिक प्रभावी स्वरूप है। जहां मनरेगा में 100 दिनों का रोजगार सुनिश्चित था, वहीं अब इस अधिनियम के तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के रोजगार की कानूनी गारंटी मिलेगी। साथ ही मजदूरी का भुगतान सात दिनों के भीतर किया जाएगा, जिससे भुगतान में देरी जैसी पुरानी समस्याओं का समाधान होगा।
उन्होंने बताया कि बुआई और कटाई के समय 60 दिनों तक कार्य रोके जाने का प्रावधान रखा गया है, ताकि किसानों को पर्याप्त मजदूर मिल सकें और कृषि कार्य प्रभावित न हों।
अरुण सिंह ने कहा कि इस अधिनियम के अंतर्गत चार प्रमुख क्षेत्रों — जल सुरक्षा, ग्रामीण अधोसंरचना, आपदा सुरक्षा और आजीविका संवर्धन पर विशेष फोकस किया जाएगा। इसके माध्यम से कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, कौशल विकास और स्वरोजगार को नई मजबूती मिलेगी।
ग्रामीण रोजगार सर्वोच्च प्राथमिकता : किरण देव
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत–2047 की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने इस ऐतिहासिक बिल को लोकसभा एवं राज्यसभा में पारित कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया।
किरण देव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में समुचित, स्थायी और सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना ही इस योजना का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कांग्रेस शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि मनरेगा के नाम पर भारी भ्रष्टाचार और घोटाले हुए तथा मजदूरों को समय पर भुगतान तक नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना में 125 दिन का रोजगार और 7 दिनों में भुगतान की व्यवस्था कर मजदूरों को वास्तविक न्याय दिया गया है।
अच्छी योजनाएं ही राष्ट्र निर्माण की सीढ़ी : अजय जम्वाल
भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना देश को एक नई पहचान दिलाएगी। उन्होंने कहा कि अब पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि इस योजना को हर ग्राम पंचायत, हर चौपाल और हर घर तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि अच्छी योजनाएं राष्ट्र निर्माण की सीढ़ी होती हैं, जो भ्रष्टाचार रूपी दीमक को खत्म करती हैं। अजय जम्वाल ने आगामी जनजागरण अभियान की कार्ययोजना पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
विकसित गांव से ही बनेगा विकसित भारत : रामविचार नेताम
प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का आधार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और पूरा विपक्ष इस योजना का विरोध कर रहा है, क्योंकि इसमें भगवान राम का नाम जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि विकसित गांव से ही विकसित भारत की शुरुआत होगी और यह योजना ग्रामीण परिवारों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर मनरेगा में भ्रष्टाचार और मजदूरी भुगतान में लापरवाही का आरोप भी लगाया।
प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान की रूपरेखा तैयार
विकसित भारत जी-राम-जी अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 125 दिन का रोजगार और 7 दिनों में पारिश्रमिक भुगतान सुनिश्चित किया गया है, जिससे पारदर्शिता और विश्वास दोनों बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा इस योजना को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता जन-जन को सच्चाई बताएंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि 13 जनवरी से 25 जनवरी तक जिला स्तरीय कार्यशालाएं, तथा 10 फरवरी से 28 फरवरी तक ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
कार्यशाला का संचालन किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने किया, जबकि विधायक एवं टोली सदस्य नीलकंठ टेकाम ने आभार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, अभियान टोली के सभी सदस्य, जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदेश स्तरीय यह कार्यशाला विकसित भारत जी-राम-जी जनजागरण अभियान को गति देने और गांव-गांव तक पहुंचाने की दिशा में एक निर्णायक कदम के रूप में देखी जा रही है।





