मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन को लेकर प्रशासन सतर्क, महर्षि वाल्मीकि आश्रम में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का किया गया गहन निरीक्षण






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** कोरबा मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री विष्णुदेव साय के 11 जनवरी को प्रस्तावित कोरबा प्रवास को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में कोरबा नगरीय क्षेत्र स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम में सुरक्षा व्यवस्था एवं आवश्यक तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया गया।
यह निरीक्षण जिला कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशन में तथा जिला पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा, सुव्यवस्था एवं आमजन की सुविधा को सुनिश्चित करना रहा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने आश्रम परिसर का बारीकी से अवलोकन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट तथा भीड़ नियंत्रण से संबंधित सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और सभी तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं।
एसपी श्री तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी तथा समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर कटघोरा श्री ओंकार यादव, कार्यपालन अभियंता पीडब्ल्यूडी श्री जी.आर. जांगड़े, एसडीएम कोरबा श्रीमती सरोज महिलांगे सहित प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को चिन्हित करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य किया जा रहा है।





