सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के 1100 वर्ष पूर्ण होने पर बरपाली मंडल ने किया शिवाभिषेक, कनकेश्वर मंदिर में गूंजा “ॐ नमः शिवाय” का महामंत्र






हर हर महादेव
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा बरपाली/पाली
भारत की सनातन आस्था, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के 1100 वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी बरपाली मंडल द्वारा दिनांक 10 जनवरी 2026 को कनकेश्वर मंदिर, कनकी में भव्य जलाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव शंकर का विधिवत जलाभिषेक कर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप किया, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।

उल्लेखनीय है कि सोमनाथ मंदिर भारत के सबसे प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है, जो भगवान शंकर के 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम एवं सबसे प्राचीन ज्योतिर्लिंग के रूप में प्रतिष्ठित है। हजारों वर्षों की आस्था, संघर्ष और पुनर्निर्माण की गौरवगाथा को अपने भीतर समेटे सोमनाथ ज्योतिर्लिंग आज भी सनातन संस्कृति की अखंडता और भारत की आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक बना हुआ है। इसके 1100 वर्ष पूर्ण होने का यह ऐतिहासिक अवसर पूरे देश में श्रद्धा और गौरव के साथ मनाया जा रहा है।
इसी कड़ी में बरपाली मंडल द्वारा आयोजित इस जलाभिषेक कार्यक्रम में मंदिर के पुजारीगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। सभी ने भगवान शिव का दर्शन कर देश की सुख-समृद्धि, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सोमनाथ ज्योतिर्लिंग केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, आत्मबल और पुनर्जागरण का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और सनातन परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
जलाभिषेक एवं मंत्रोच्चार के पश्चात आरती संपन्न हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया। संपूर्ण आयोजन हर हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से गूंजता रहा, जिससे कनकेश्वर मंदिर परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।





