पौड़ी उपरोड़ा के सुदूर वनांचल को मिली बड़ी सौगात: अध्यक्ष जिला पंचायत पवन कुमार सिंह के प्रयासों से 15 दिनों में पीएमजीएसवाई सड़क स्वीकृत






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा जिले के पौड़ी उपरोड़ा विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अध्यक्ष जिला पंचायत कोरबा श्री पवन कुमार सिंह जी के अथक एवं निरंतर प्रयासों से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) अंतर्गत क्षेत्र की महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़क को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। विशेष बात यह है कि यह स्वीकृति महज 15 दिनों के भीतर प्राप्त हो गई, जो जनप्रतिनिधि की सक्रियता और प्रभावी समन्वय का स्पष्ट प्रमाण है।
विगत दिनों अध्यक्ष जिला पंचायत कोरबा श्री पवन कुमार सिंह जी के रायपुर प्रवास के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन के माननीय श्री विजय शर्मा जी, उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्राम विकास मंत्री से सौजन्य मुलाकात की थी। इस दौरान पौड़ी उपरोड़ा विकासखंड के सुदूर एवं वनांचल क्षेत्रों में सड़क निर्माण से संबंधित कार्यों की विस्तृत सूची माननीय मंत्री को सौंपी गई थी। जनहित को प्राथमिकता देते हुए माननीय उपमुख्यमंत्री द्वारा इन प्रस्तावों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पीएमजीएसवाई अंतर्गत सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
सड़क स्वीकृति की खबर मिलते ही क्षेत्र के ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। लंबे समय से आवागमन की समस्या से जूझ रहे वनांचलवासियों को अब बेहतर सड़क सुविधा मिलने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार से जुड़ाव में उल्लेखनीय सुधार होगा। बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से भी ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए अध्यक्ष जिला पंचायत पवन कुमार सिंह जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो पा रहा है। यह सड़क स्वीकृति न केवल आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करेगी, बल्कि वनांचल क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कुल मिलाकर, पौड़ी उपरोड़ा विकासखंड के लिए यह स्वीकृति विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर बदलने का कार्य करेगी।





