जनता का फूटा गुस्सा — सभापति नूतन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में सड़कों की बदहाली पर कोरबा में विशाल धरना प्रदर्शन, प्रशासन के खिलाफ गरजे नागरिक






✍🏼 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ कोरबा
नगर निगम क्षेत्र की जर्जर सड़कों और प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ आज कोरबा की जनता सड़कों पर उतर आई। नगर निगम सभापति श्रीमती नूतन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में ट्रांसफर नगर चौक पर एक विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया, जिसमें नागरिकों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, व्यापारिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा।


धरना प्रदर्शन के दौरान “प्रशासन होश में आओ”, “जनता से खिलवाड़ बंद करो” और “सड़क दो, जवाब दो” जैसे नारे गूंजते रहे। कोरबा के अलग-अलग इलाकों से नागरिकों का जत्था पहुंचा और शहर की दुर्दशा पर आक्रोश प्रकट किया।
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि —
“कोरबा की सड़कों की हालत किसी युद्ध क्षेत्र जैसी हो गई है। लाखों की आबादी रोजाना परेशान है, लेकिन जिला प्रशासन और निगम अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। कई बार ज्ञापन देने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता का सब्र टूट गया। आज का धरना प्रशासन को चेतावनी है — अब नहीं सुधरे तो दिवाली के बाद उग्र आंदोलन होगा।”
धरना स्थल पर कई संगठनों ने एक स्वर में कहा कि शासन की करोड़ों रुपए की राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है और इसका सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
इस आंदोलन को छत्तीसगढ़ क्रांति सेना, छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी, आम आदमी पार्टी, जिला अधिवक्ता संघ, जिला ऑटो संघ, सिटी मिनी बस यूनियन, भूस्थापित कामगार संगठन, किसान संगठन, कुसमुंडा व्यापारी संघ सहित अनेक संगठनों ने सक्रिय समर्थन दिया।
धरना स्थल पर जनसैलाब के बीच मंच से कई नेताओं ने प्रशासन की नाकामी को लेकर तीखे शब्दों में हमला बोला —
पार्षद अब्दुल रहमान, विनम्र तिवारी, टामेश अग्रवाल, श्रीमती प्रीति दिनेश शर्मा, पूर्व पार्षद परमजीत सिंह पप्पी, महेश अग्रवाल, दिनेश सोनी, संतोष कैवर्त ने कहा कि जिले में विकास कार्यों का बुरा हाल है और जनप्रतिनिधियों की आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के मुखिया दिलीप मेरी, अतुल दास, जोहार पार्टी के नेता सोनू राठौर, जैनेंद्र कुर्रे, श्रीमती चंचल, कुसमुंडा व्यापारी संघ के प्रमुख ओम गभेल, सुरेंद्र राठौर ने कहा कि अब जनता सड़कों पर उतर चुकी है और जवाब मांग रही है।
आम आदमी पार्टी के नेता आनंद सिंह, शत्रुघ्न साहू, किसान नेता दिलहरण सारथी, जोगीराम पटेल, भूस्थापित कामगार संगठन के अध्यक्ष अशोक कुमार पटेल, जिला अधिवक्ता संघ कोरबा के अध्यक्ष गणेश कुलदीप, ऑटो संघ के उपाध्यक्ष पंकज तिवारी, सिटी मिनी बस यूनियन के नेता धनेश्वर साहू ने कहा कि अब कोरबा में “जनता बनाम प्रशासन” की स्थिति बन चुकी है।
धरना स्थल पर नागरिकों की भारी भीड़, नारेबाजी और बैनरों के बीच सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने प्रशासन को अंतिम चेतावनी दी —
“अगर दीपावली के बाद भी सड़कों की मरम्मत नहीं की गई, तो कोरबा की जनता चुप नहीं बैठेगी। यह आंदोलन अब जनआंदोलन बनेगा।”
धरना कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल की तैनाती की गई थी, हालांकि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। कोरबा की जनता की यह एकजुटता अब प्रशासन के लिए बड़ा संदेश बन गई है कि — अब और नहीं, जवाबदेही जरूरी है।
📍 मुख्य बिंदु:
नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशाल धरना
सैकड़ों नागरिकों और विभिन्न संगठनों की भागीदारी
प्रशासन की अनदेखी पर फूटा जनता का गुस्सा
“दीपावली के बाद उग्र आंदोलन” की चेतावनी
धरना शांतिपूर्ण, पर जनआक्रोश स्पष्ट





