August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

नई जीएसटी व्यवस्था से व्यापार को मिलेगी गति, उपभोक्ताओं को राहत : कोरबा में ‘नेक्स्ट जनरेशन GST संवाद’ आयोजित

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ कोरबा विधानसभा क्षेत्र के दर्री मुख्य मार्ग पर मंगलवार को ‘नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, श्रम, वाणिज्य, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने व्यापारियों, उद्योगपतियों और स्थानीय व्यवसायिक समुदाय से प्रत्यक्ष संवाद कर नई जीएसटी सुधारों के बारे में चर्चा की।


इस अवसर पर व्यापारियों ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए ‘नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी सुधारों’ का खुले दिल से स्वागत किया। उनका कहना था कि नई टैक्स दरें पारदर्शिता, सरलता और डिजिटल प्रक्रियाओं के चलते व्यापार को नई दिशा देंगी। व्यापारियों ने बताया कि इनपुट टैक्स क्रेडिट की सुविधा से नकदी प्रवाह बेहतर होगा और कारोबार में मुनाफा बढ़ने के साथ उपभोक्ताओं को भी रोज़मर्रा की वस्तुओं पर कम कीमतों का लाभ मिलेगा।
व्यापारियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह सुधार न केवल व्यापार को गति देंगे, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेंगे। संवाद के दौरान बाजार में सकारात्मक ऊर्जा और विश्वास का माहौल स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य व्यापार को सरल बनाना और कराधान प्रणाली को पारदर्शी बनाकर देश को आत्मनिर्भर भारत की ओर अग्रसर करना है। उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधारों से व्यापारियों का बोझ घटेगा और नए अवसर उत्पन्न होंगे।
इस कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, महापौर श्रीमती संजू देवी सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष श्री मनोज लहरे, जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी समेत भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता उत्साहजनक रही, जिससे सरकार और व्यापारी वर्ग के बीच विश्वास का सेतु और अधिक मजबूत हुआ।

More Stories

1 min read

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

1 min read
Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.