August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में शारदा विहार पार्क का नामकरण “नमो पार्क” के रूप में, वृक्षारोपण एवं जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ कोरबा, 23 सितंबर। नगर निगम कोरबा द्वारा शारदा विहार स्थित पार्क का नामकरण “नमो पार्क” के रूप में किया गया। इस अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करते हुए वृक्षारोपण भी किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन रहे। इसके साथ ही महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री राजीव सिंह, पार्षद श्री अशोक चावलानी, एमआईसी सदस्य श्रीमती धनश्री गर्ग एवं कोरबा मंडल अध्यक्ष श्री योगेश मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि “नमो पार्क” का नाम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने का निर्णय जनभावनाओं और प्रेरणादायक नेतृत्व का प्रतीक है। यह पार्क अब क्षेत्रवासियों के लिए सिर्फ मनोरंजन और विश्राम का स्थान नहीं रहेगा, बल्कि हरित वातावरण के संवर्धन और सामाजिक सहभागिता का भी केंद्र बनेगा।
कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि इस तरह के पहल से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं और स्थानीय नागरिकों में सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता भी विकसित होगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पार्क और वृक्षारोपण की देखभाल में सक्रिय भागीदारी निभाएँ।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वृक्षारोपण गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिसमें स्थानीय जनता और विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। इसके अलावा पार्क में जन संवाद सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें नगर निगम की आगामी योजनाओं और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा हुई।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि “नमो पार्क” का नामकरण और वृक्षारोपण कार्यक्रम क्षेत्र में हरित और स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए नगर निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भविष्य में पार्क में और भी विकासात्मक गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी, जिससे नागरिकों को मनोरंजन, खेलकूद और सामाजिक सहभागिता के अवसर मिलें।
यह पहल कोरबा में हरित भविष्य, जन सहभागिता और प्रेरक नेतृत्व के प्रतीक रूप में यादगार बनेगी।

More Stories

1 min read

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

1 min read
Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.