कोरबा में प्रबुद्ध वर्ग संवाद : अमर अग्रवाल ने रखा मोदी विज़न का खाका, लखनलाल देवांगन व गोपाल मोदी ने दिए सशक्त संदेश


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाने के अंतर्गत रक्तदान, स्वच्छता, स्वास्थ्य शिविर और अनेक जनसेवा कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को आशीर्वाद प्वाइंट, टी.पी. नगर कोरबा में प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल उपस्थित हुए। साथ ही केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित वरिष्ठ अतिथि मंच पर विराजमान रहे।

“आज देश तेजी से विकास कर रहा है” – अमर अग्रवाल
अपने संबोधन में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस विज़न के साथ वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है, वह केवल सपना नहीं बल्कि राष्ट्र को नई दिशा देने वाला ठोस रोडमैप है। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, शिक्षा व स्वास्थ्य सुधार जैसे कदम आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य है कि जब भारत आजादी के 100 साल पूरे करेगा, तब वह दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हो। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति, तकनीकी नवाचार, हरित ऊर्जा और आत्मनिर्भर उद्योगों पर विशेष बल दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनधन योजना के जरिए भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और जवाबदेह शासन की नींव रखी गई है। इसी का परिणाम है कि आज भारत केवल उपभोक्ता देश नहीं बल्कि उत्पादन और निर्यात का वैश्विक केंद्र बन रहा है।
“आज पूरा विश्व भारत की ओर आशा से देख रहा है” –

लखनलाल देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि आज पूरा विश्व भारत की ओर आशा से देख रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने हर वर्ग के उत्थान और सामाजिक न्याय के लिए जो योजनाएँ लागू की हैं, उनका लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन और सरकार मिलकर जनता को जोड़ते हुए प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जुटा है।
“सेवा पखवाड़ा हमारी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन है” – गोपाल मोदी
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का निर्वहन है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को सेवा, संगठन और समर्पण की भावना से आगे बढ़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करना होगा।
मंच पर रहे विशिष्ट अतिथि और भारी उपस्थिति
प्रबुद्ध वर्ग संवाद में मंच पर पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर, महापौर संजू देवी राजपूत, संयोजक डॉ. राजीव सिंह, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, योगेश जैन, अशोक चावलानी, पवन गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिक और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी और वातावरण मोदी विज़न के संदेश से गूंज उठा। यह संवाद न केवल विचार विमर्श का मंच बना बल्कि सेवा पखवाड़ा के उद्देश्य—जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और समाज कल्याण—को भी मजबूत संदेश देने वाला साबित हुआ।

