कोरबा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के निर्देश पर 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक राजस्व वसूली हेतु व्यापक शिविर अभियान का आयोजन


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ कोरबा नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय द्वारा राजस्व वसूली को प्रभावी बनाने हेतु निर्देशित किया गया है कि नगर निगम क्षेत्र में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक विभिन्न वार्डों में शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों के माध्यम से नगर निगम करदाताओं एवं बकायादारों से बकाया करों की राशि संग्रहित की जाएगी। आयुक्त श्री पांडेय ने बकायादारों और करदाताओं से विशेष अपील की है कि वे निर्धारित स्थलों पर समय पर पहुंचकर अपना बकाया कर राशि जमा कराएं। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नए बने भवन, मकान या अन्य संपत्तियों पर जिनमें अभी तक संपत्तिकर नहीं लगाया गया है, वे नियमानुसार आवेदन पत्र सहित स्व-विवरणी फॉर्म भरकर अपने संबंधित जोन कार्यालय में राशि जमा कराएं।
नगर निगम कोरबा के निर्धारित कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को रामसागरपारा दलिया गोदाम (वार्ड क्र. 01), साकेतनगर तुलसीनगर सामुदायिक भवन (वार्ड क्र. 03), आंगनबाड़ी केन्द्र कृष्णानगर (वार्ड क्र. 26), पथर्रीपारा सामुदायिक भवन (वार्ड क्र. 19), अमर सिंह होटल के पास सार्वजनिक मंच (वार्ड क्र. 38), कलमी डुग्गू सामुदायिक भवन (वार्ड क्र. 48), वैशाली नगर बरमपुर गणेश पण्डाल (वार्ड क्र. 61) में शिविर आयोजित होंगे। इसी प्रकार 18 अक्टूबर तक प्रत्येक दिन विभिन्न वार्डों में निर्धारित स्थानों पर शिविर का आयोजन होगा।
विशेष रूप से 18, 19, 20, 22, 23, 24, 25, 26, 27, 29 सितंबर तथा 30 सितंबर, 3, 4, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 13, 14, 15, 16, 17 और 18 अक्टूबर को अलग-अलग वार्डों में सघन रूप से शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें वार्ड क्र. 02 दुर्गा चौक पटेलपारा, वार्ड क्र. 05 देवांगनपारा ब्राह्मण मोहल्ला, वार्ड क्र. 09 इमलीडुग्गू कुम्हार मोहल्ला, वार्ड क्र. 31 फेस-01 डॉ. आर.पी. नगर, वार्ड क्र. 36 कोसाबाड़ी संस्कार भारती स्कूल के सामने मंच, वार्ड क्र. 58 सरदार वल्लभभाई पटेलनगर कबीर भवन दर्री, वार्ड क्र. 67 बलगीखार कांजी हाउस सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं।
आयुक्त श्री पांडेय ने नगर के सभी करदाताओं से अपील की है कि वे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए शिविर स्थल पर पहुंचकर बकाया राशि का भुगतान करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियमित भुगतान से नगर निगम को सार्वजनिक सेवाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।
नगर निगम द्वारा सार्वजनिक सुविधाओं के सुचारू संचालन के लिए यह शिविर अभियान अत्यंत आवश्यक बताया गया है। प्रत्येक वार्ड में शिविर संचालन की पूरी जानकारी पहले से घोषित कर दी गई है ताकि करदाता समय पर अपने वार्ड के निर्धारित स्थान पर पहुंच सकें। नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी हर दिन निर्धारित समय पर अपने-अपने क्षेत्र में उपस्थित रहेंगे ताकि करदाताओं को आवश्यक सहायता प्रदान की जा सके।
इस व्यापक शिविर अभियान का उद्देश्य नगर निगम कोरबा में कर संग्रहण प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी बनाकर क्षेत्रीय विकास कार्यों के लिए अधिक से अधिक धनराशि सुनिश्चित करना है।

