कोरबा में यातायात नियमों की अवहेलना से बढ़ता जाम, ट्रांसपोर्ट नगर चौक, सोनालिया पुल व सुभाष चौक क्षेत्र में विकराल समस्या


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ कोरबा शहर की यातायात व्यवस्था दिन-ब-दिन चरमरा रही है। शहर में लगभग प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जो विशेषकर शाम के समय और अधिक विकराल रूप धारण कर लेती है। यातायात नियमों की अनदेखी और अव्यवस्था के चलते लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर स्थिति सबसे अधिक गंभीर है। यातायात संकेतक लगाए जाने के बावजूद यहां का हर चालक रेड सिग्नल की परवाह किए बिना आगे बढ़ जाता है। यातायात पुलिस की मौजूदगी में भी नियम तोड़े जा रहे हैं। ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर हर दिशा से आने-जाने वाले वाहन चालक सिग्नल की अनदेखी करते हुए आगे निकल जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।
सोनालिया पुल के पास की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। यहां हर समय जाम भरा रहता है। विशेषकर शाम के समय तो यह स्थिति इतनी विकराल हो जाती है कि वाहन चालकों के लिए आगे बढ़ना लगभग असंभव हो जाता है।
सुभाष चौक से लेकर घंटाघर तक शाम के समय जाम की समस्या विकराल रूप ले लेती है। दुकानदार अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान के सामने वाहनों की वजह से अतिरिक्त अव्यवस्था उत्पन्न कर देते हैं। स्थानीय दुकानों के बाहर खड़ी निजी गाड़ियां और अन्य सामान भी जाम में इजाफा कर रही हैं।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यदि प्रशासन समय रहते इस समस्या पर नियंत्रण नहीं करता है, तो यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो जाएगी। वाहन चालकों और आम जनता को रोजाना घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सख्त यातायात नियम लागू करने, पर्याप्त यातायात पुलिस की तैनाती व गलत वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई से ही इस समस्या का समाधान संभव है।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा की इस रिपोर्ट के माध्यम से प्रशासन से अनुरोध किया जाता है कि शीघ्र प्रभावी कदम उठाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाएं, ताकि नागरिकों को होने वाली परेशानी समाप्त हो सके।

