August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में सड़कें गड्ढों में तब्दील, प्रशासन की चुप्पी पर गोंडवाना पार्टी भड़की – एक सप्ताह में मरम्मत न होने पर आंदोलन की चेतावनी

1 min read

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ** कोरबा जिले में सड़कें हालात से बेहाल हो चुकी हैं। विशेष रूप से कटघोरा तहसील के पोंड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-130 से बांगो बांध पहुंच मार्ग की स्थिति पिछले कई वर्षों से पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण आवागमन करते हैं। बावजूद इसके, सड़कों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में पानी व कीचड़ भर जाने से आवाजाही में भारी कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं।
इस मार्ग से ग्राम पंचायत बांगो, एतमानगर, लालपुर व पाथा के साथ-साथ क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बांगो बांध भी जुड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों ने कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम ने जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर सड़क का निरीक्षण किया। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ भी मौजूद रही। निरीक्षण के दौरान बड़े-बड़े गड्ढों में भरा पानी और कीचड़ देखकर ग्रामीणों ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराज़गी व्यक्त की। ग्रामीणों ने बताया कि खासकर बारिश के मौसम में यह मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे छोटे-बड़े वाहन फंस जाते हैं। छात्र विद्यालय जाने व मरीज अस्पताल ले जाने में दिक्कतों से जूझ रहे हैं।
विद्वान सिंह मरकाम ने कहा, “सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है। यदि एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी आंदोलन करेगी। आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।” उन्होंने प्रशासन को पत्र लिखकर मांग की है कि सड़क की मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी कहा कि यदि मरम्मत कार्य जल्द शुरू नहीं हुआ, तो वे भी आंदोलन में भाग लेकर सड़कों पर उतरेंगे।
वहीं कोरबा जिले के शिवाजी नगर नगर निगम कॉलोनी के बीच की सड़कें भी पूरी तरह गड्ढों और जलभराव से जर्जर स्थिति में हैं। इससे लोगों को रोजाना आवागमन में विशेष रूप से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की इस लापरवाही से आम जनता परेशान और आक्रोशित है।

More Stories

1 min read

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

1 min read
Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.