August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव में कमला नेहरू कॉलेज कोरबा में भव्य जॉब फेयर आयोजित – युवाओं को दी कॅरियर की नई राह, 12 कंपनियों ने लिया साक्षात्कार, ड्रोन पायलट से लेकर पर्सनालिटी डेवलपमेंट तक का ज्ञानवर्धक अनुभव

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्षों के रजत जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय कोरबा एवं जिला रोजगार कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में भव्य जॉब फेयर का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में वेदांता स्किल्स समेत कुल 12 राष्ट्रीय व स्थानीय कंपनियों ने रोजगार हेतु साक्षात्कार लिया। साथ ही आईसेक्ट पीएम केके कोरबा की ओर से रोजगार मार्गदर्शन एवं पर्सनालिटी डेवलपमेंट की उपयोगी क्लास भी विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि हम शिक्षा के साथ-साथ युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ाने के लिए हर संभव मदद प्रदान करने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से इस अवसर का पूर्ण लाभ उठाने व अपने कॅरियर को मजबूत आधार प्रदान करने की प्रेरणा दी। पूर्व जिला रोजगार अधिकारी जेपी खांडे ने भी मंच से उम्दा कॅरियर के टिप्स साझा किए।
जॉब फेयर में वेदांता स्किल्स, आईसेक्ट पीएम केके कोरबा, ड्रोन नेस्ट, आदित्य बिरला सन लाइफ, टाटा एएसए लाइफ, जिफ्सा, सोनी मल्टी सर्विसेज, जियो, एलआईसी ऑफ इंडिया सहित अन्य कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इन कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए योग्य कर्मियों का चयन किया, जिनमें सेल्स व मार्केटिंग, टेलीकॉलर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, अकाउंटेंट, कैशियर, मशीन ऑपरेटर, इंश्योरेंस एडवाइजर आदि शामिल थे। चयनित उम्मीदवारों को 6 हजार से 50 हजार रूपए मासिक वेतन दिया जाएगा।
प्लेसमेंट प्रभारी अनिल राठौर ने बताया कि इस मेले में 100 से अधिक उम्मीदवारों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने इंटरव्यू में अपनी योग्यताओं का बेहतरीन प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया में सुविधा हेतु आईसेक्ट एनएसडीसी सेंटर के एक्जीक्यूटिव प्लेसमेंट को-ऑर्डिनेटर आकाश राखोंडे ने रजिस्टर्ड उम्मीदवारों को मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने उम्मीदवारों को कंपनियों की जानकारी देने के साथ-साथ सफल इंटरव्यू के टिप्स भी दिए।
ड्रोन पायलट के कॅरियर पर विशेष चर्चा:
जॉब फेयर में छात्रों को ड्रोन पायलट के रूप में सुनहरे भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया गया। ड्रोन नेस्ट कंपनी के डायरेक्टर मार्केटिंग हरकुंवर भाटिया ने कृषि, वाइल्ड लाइफ, पावर प्लांट मैपिंग व संयंत्रों में ड्रोन पायलट के कॅरियर विकल्पों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लाइव डेमो के माध्यम से ड्रोन ऑपरेट करने की प्रक्रिया भी समझाई। प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासा का समाधान प्राप्त किया।
यह जॉब फेयर न केवल युवाओं को रोजगार से जोड़ने का माध्यम बना, बल्कि उन्हें नई तकनीकों, आधुनिक रोजगार विकल्पों व सशक्त पर्सनालिटी डेवलपमेंट का भी सशक्त अनुभव दिया। डॉ. प्रशांत बोपापुरकर के नेतृत्व में आयोजित यह पहल छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में पहला कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित करती है।
आने वाले समय में इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन से युवाओं को रोजगार के नए आयामों से परिचित कराया जाएगा तथा वे छत्तीसगढ़ राज्य की समृद्धि में अपना योगदान सशक्त रूप से देंगे।

More Stories

1 min read

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

1 min read
Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.