October 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में भव्य भूतपूर्व छात्र-छात्रा मिलन समारोह – रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई यादों की मधुर यात्रा

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती के पावन अवसर पर श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में भूतपूर्व छात्र-छात्राओं का भव्य मिलन समारोह आयोजित किया गया। यह गरिमामय आयोजन छत्तीसगढ़ शासन एवं राज्य उच्च शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में महाविद्यालय के बी.एड. हॉल में संपन्न हुआ। समारोह में पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने उज्ज्वल अतीत की यादें ताजा कीं और महाविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांत अध्यक्ष विद्या भारती श्री जुरावन सिंह ठाकुर, विशिष्ट अतिथि अग्रवाल सभा कोरबा के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र अग्रवाल तथा कार्यक्रम अध्यक्षता श्री सुनील जैन, अध्यक्ष श्री अग्रसेन शिक्षण समिति कोरबा द्वारा की गई। विशेष आमंत्रित अतिथि बलराम विश्वकर्मा ने मोटिवेशनल स्पीच देकर उपस्थितों को प्रेरित किया।
समारोह का शुभारंभ माँ शारदे व छत्तीसगढ़ महतारी के पूजन-अर्चन से हुआ। प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा ने संस्था की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए महाविद्यालय के समर्पित योगदान व छत्तीसगढ़ के सामाजिक-शैक्षणिक विकास में उसकी अहम भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए बताया कि कैसे श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय ने उनके व्यक्तित्व निर्माण एवं उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी। कई क्षण भावुकता से परिपूर्ण रहे, जब वे अपने अनुभव साझा कर भावनाओं से अभिभूत हुए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की श्रृंखला में वर्तमान छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत और नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे समस्त उपस्थित जन उत्साहित व मंत्रमुग्ध हो गए। प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ी लोकगीत, आधुनिक गीत, सामूहिक नृत्य एवं कविताएं शामिल थीं, जो कार्यक्रम की रौनक बढ़ा रही थीं।
इस विशेष आयोजन में अग्रवाल सभा कोरबा, श्री अग्रसेन शिक्षण समिति, प्राध्यापकगण, समाजसेवी गण, आमंत्रित अतिथि एवं समस्त छात्र-छात्राएं बड़े उत्साह के साथ शामिल रहे। कार्यक्रम का कुशल समन्वय प्रो. राजेश प्रकाश एक्का, राजेन्द्र सोनी, श्रीमती चंद्रवती सेंगर, श्रीमती नीना शर्मा एवं सुश्री नुपुर अग्रवाल ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन डॉ. अन्नू सिंह ने किया।
यह मिलन समारोह श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास, उत्कृष्ट शिक्षा प्रणाली तथा छात्रों के प्रति अपनत्व का अमिट साक्ष्य बनकर उभरा। आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि यह संस्था शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक-सांस्कृतिक क्षेत्र में भी नायाब योगदान देती रहेगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.