कमला नेहरू महाविद्यालय में शिक्षक दिवस पर सहायक प्राध्यापकों का आदरपूर्वक सम्मान, प्राचार्य डॉ. प्रशांत ने दी प्रेरणादायक सीख”


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा, 05 सितंबर 2025 — शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर कमला नेहरू महाविद्यालय में शनिवार को सहायक प्राध्यापकों का आदरपूर्वक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक मार्गदर्शन देते हुए कहा कि एक शिक्षक का कर्तव्य सत्य और तथ्यपरक भाषा बोलकर ज्ञान की मिठास से युवाओं का मार्गदर्शन करना है। उन्होंने कहा कि जीवन में ऊंची बोली से अपनी कमियां छुपाने की बजाय फलदार वृक्ष की भांति झुकना सीखना चाहिए, ताकि हम समाज के पथिक के लिए शीतल छांव और क्षुधा शांत करने वाले फल बन सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती वंदना के साथ मां वीणापाणी, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। डॉ. बोपापुरकर ने विद्यार्थियों को समझाया कि माता-पिता द्वारा इस महाविद्यालय में अध्ययन हेतु भेजे गए युवाओं को अपने लक्ष्य की ओर निरंतर समर्पित होकर बढ़ते रहना चाहिए। शिक्षा संकाय विभागाध्यक्ष डॉ. भारती कुलदीप ने भारत के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. राधाकृष्णन की जीवन गाथा पर प्रकाश डालते हुए इस दिन के महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर बीएड द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर सहित सभी सहायक प्राध्यापकों का स्वागत कर उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के चरण स्पर्श कर उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात शिक्षकों के सम्मान में तैयार किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी माहौल को रंगीन बना दिया।

प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने सहायक प्राध्यापकों जैसे अजय मिश्रा, ब्रजेश तिवारी, डॉ. सुनील तिवारी, डॉ. सुशीला कुजूर, अनिल राठौर, वेदव्रत उपाध्याय, आशुतोष शर्मा, डॉ. भारती कुलदीप, डॉ. रश्मि शुक्ला, श्रीमती प्रीति द्विवेदी, श्रीमती अंजू की, श्रीमती अनिता यादव, डॉ. दीप्ति सिंह, कुणाल दासगुप्ता, रामकुमार श्रीवास, राकेश कुमार गौतम, नितेश यादव, शंकर यादव सहित अन्य अतिथि प्राध्यापकों को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम ने शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों को और भी मजबूती प्रदान की।

