May 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

ढोढीपारा में गूंजा कबड्डी का जज़्बा: 11वीं खेल प्रतियोगिता में मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत की मौजूदगी से बढ़ा उत्साह

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा, 05 सितंबर 2025 — ढोढीपारा की सरज़मीं पर शुक्रवार को खेल और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्वामी विवेकानंद युवा समिति के तत्वावधान में आयोजित 11वीं कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ। इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में प्रदेशभर से लगभग 40 बालक टीमों ने भाग लेकर अपने दमखम और खेल भावना का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की फुर्ती, जोश और जुझारूपन ने पूरे माहौल को ऊर्जा और रोमांच से भर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजक समिति को ₹50,000 की सहयोग राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि “कबड्डी केवल एक खेल नहीं, बल्कि हमारी परंपरा और संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी खेलों में आगे बढ़ती है और समाज में अनुशासन तथा टीम भावना का संदेश देती है।”

 

कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि “खेल व्यक्ति को स्वस्थ, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाते हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल खिलाड़ियों को अवसर देती हैं बल्कि समाज को भी एकजुट करती हैं।”

 

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी, पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन, श्री मुकुंद कंवर, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष श्री राजेश राठौर, श्री बिहारी रजक, श्री गिरधारी रजक और श्री संजय मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय वार्डवासी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई दी।

 

कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। मैदान तालियों की गड़गड़ाहट और खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन से गूंजता रहा। इस आयोजन ने साबित कर दिया कि कोरबा की धरती खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है और यहां के युवा भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
आयोजक समिति ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को और बड़े स्तर पर करने का संकल्प लिया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.